Friday, October 23, 2026
Homeखास खबरइंटरनेशनल मार्केट में नरमी के बावजूद रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब सोना

इंटरनेशनल मार्केट में नरमी के बावजूद रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब सोना

नई दिल्ली (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव में आज मामूली गिरावट दर्ज की गई। हालांकि भाव में गिरावट आने के बावजूद सोना आज भी 2,500 डॉलर प्रति ऑन्स के ऊपर बना हुआ है। इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 16 अगस्त को सोना तेजी दिखाते हुए 2,509.65 डॉलर प्रति ऑन्स के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया था। आज सोने में मुनाफा वसूली होने के कारण इसकी कीमत में 0.20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जिसके कारण ये चमकीली धातु फिसल कर 2,502.78 डॉलर प्रति ऑन्स के स्तर पर आ गई।

माना जा रहा है कि अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती होने की संभावना की वजह से पिछले कुछ दिनों के दौरान सोने के भाव में तेजी आई है। इसके साथ ही मध्य पूर्व में बढ़ रहे तनाव की वजह से भी निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश मानते हुए अपने पोर्टफोलियो में सोने की हिस्सेदारी को बढ़ा रहे हैं।

इसके अलावा कई देशों के केंद्रीय बैंकों द्वारा की जा रही सोने की खरीदारी की वजह से भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव में तेजी आई है। इस साल अभी तक इंटरनेशनल गोल्ड मार्केट में स्पॉट गोल्ड की कीमत में 20 प्रतिशत से अधिक की तेजी आ चुकी है। स्पॉट गोल्ड की तरह ही गोल्ड फ्यूचर्स में भी मजबूती दर्ज की गई है। आज अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर 0.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,541.80 ओंस के स्तर पर पहुंच गया था।

बुलियन मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन के अनुसार आज मुनाफा वसूली की वजह से इंटरनेशनल गोल्ड मार्केट में मामूली गिरावट जरूर आई है। इसके बावजूद बाजार के सेंटीमेंट मजबूत बने हुए हैं। ऐसी स्थिति में निवेदक लगातार सोने की खरीदारी कर रहे हैं और लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट के लिहाज से सोने के प्रति निवेशकों का रुझान बना हुआ है।

मयंक मोहन का कहना है कि अगले महीने अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों के संबंध में लिए जाने वाले फैसले का सोने की चाल पर काफी असर पड़ सकता है। जानकारों का मानना है कि अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती होने पर सोने की कीमत में और उछाल आ सकता है। इसीलिए निवेशकों को फिलहाल सोने की खरीद या बिक्री को लेकर सतर्कता बरतनी चाहिए।

Related Articles

Latest News