Wednesday, February 11, 2026
Homeखास खबरप्रयागराज-मुंबई व्हाया जबलपुर की यात्रा करने वालोंं के लिए अच्छी खबर,सूबेदारगंज से...

प्रयागराज-मुंबई व्हाया जबलपुर की यात्रा करने वालोंं के लिए अच्छी खबर,सूबेदारगंज से चलेगी नई ट्रेन

प्रयागराज। प्रयागराज के सूबेदारगंज से मुंबई के बीच व्हाया सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी होकर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है।

उत्तर मध्य रेलवे ने संगम नगरी के सूबेदारगंज स्टेशन से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल के लिए एक नई सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की है।

इस विशेष ट्रेन का संचालन पांच मार्च से प्रभावी होगा, जो प्रत्येक गुरुवार को सूबेदारगंज स्टेशन से प्रस्थान करेगी। रेलवे ने इस सेवा को लंबी अवधि के लिए नियोजित किया है और इसका शेड्यूल दिसंबर 2030 तक जारी कर दिया गया है, जिससे इसके भविष्य में नियमित होने की प्रबल संभावनाएं जताई जा रही हैं। ये ट्रेन पमरे के सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया व इटारसी होते हुए चलेगी.

सूबेदारगंज से दोपहर 12.10 बजे रवाना होगी

गाड़ी संख्या 04115 प्रत्येक गुरुवार दोपहर 12:10 बजे सूबेदारगंज से रवाना होकर फतेहपुर, गोविंदपुरी, बांदा, चित्रकूट कर्वी होते हुए अगले दिन तड़के 3.25 बजे जबलपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए रात 8:50 बजे मुंबई पहुंचेगी।

वापसी में रात 10.50 बजे मुंबई से रवाना होगी

वापसी में गाड़ी संख्या 04116 प्रत्येक शुक्रवार रात 10:50 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल से चलकर अगले दिन शनिवार को 15.30 बजे जबलपुर होकर रविवार सुबह 7:30 बजे सूबेदारगंज वापस लौटेगी।

यह सेवा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी जो कानपुर और बुंदेलखंड के रास्ते मुंबई की यात्रा करना चाहते हैं।

चार वर्षों के लिए ट्रेन परिचालन निर्धारित

ट्रेन की बनावट में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी के मुताबिक22 कोच वाली इस ट्रेन में स्लीपर और एसी थ्री-टियर के पर्याप्त डिब्बों के साथ-साथ आधुनिक एसी थ्री इकोनामी और सामान्य श्रेणी के कोच भी शामिल होंगे।

यह पहली बार देखा जा रहा है कि किसी विशेष श्रेणी की ट्रेन का परिचालन ढांचा आगामी चार वर्षों के लिए पहले ही निर्धारित कर दिया गया है, जो यात्रियों को लंबी अवधि की प्लानिंग में मदद करेगा।

Related Articles

Latest News