Homeखास खबरराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जल्द भरेंगी राफेल में उड़ान, अंबाला एयरबेस पर तैयारियां...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जल्द भरेंगी राफेल में उड़ान, अंबाला एयरबेस पर तैयारियां पूरी

अंबाला (हरियाणा)  (हि.स.)। देश की तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर और राष्ट्रपति द्रौपदी यहां स्थित वायुसेना स्टेशन पहुंच चुकी हैं। वो अब से कुछ देर बाद वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल में एक सॉर्टी (उड़ान) भरेंगी। यह अवसर भारतीय वायुसेना के लिए गौरव का क्षण होगा। राष्ट्रपति को यहां पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरने के लिए अंबाला वायुसेना स्टेशन पहुंचीं हैं। राष्ट्रपति वायुसेना स्टेशन का दौरा भी करेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मु आठ अप्रैल, 2023 को असम के तेजपुर वायुसेना केंद्र पर सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भर चुकी हैं। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय वायुसेना के पायलटों के साथ अनुभव साझा करते हुए वायुसेना की दक्षता, अनुशासन और समर्पण की सराहना की थी।

उल्लेखनीय है कि अंबाला वायुसेना स्टेशन राफेल स्क्वाड्रन की तैनाती का प्रमुख केंद्र है। इसे देश की हवाई सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार माना जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के यहां के दौरे के दौरान वायुसेना प्रमुख के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। इस उड़ान के माध्यम से राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के पराक्रम, तकनीकी दक्षता और सैन्य शक्ति के योगदान को एक बार फिर सलाम करेंगी।

Related Articles

Latest News