Sunday, July 26, 2026
Homeजन-मनजबलपुर की मदनमहल पहाड़ी पर गरजा बुलडोजर,715 परिवार होंगे विस्थापित,परीक्षा-शादी वाले घरों...

जबलपुर की मदनमहल पहाड़ी पर गरजा बुलडोजर,715 परिवार होंगे विस्थापित,परीक्षा-शादी वाले घरों को कुछ दिन की मोहलत

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद आज मदनमहल पहाड़ी को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी। सुबह से ही राजस्व विभाग, नगर निगम व पुलिस की संयुक्त टीम पुरवा में आईसीएमआर के सामने वाले हिस्से में पहुंची और मकानों को खाली कराकर तोडफ़ोड़ की कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान कई परिवारों ने घर खाली करते हुए प्रशासन से कुछ समय की मोहलत देने की मांग भी की।
एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के अनुसार मदनमहल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की शुरुआत पुरवा क्षेत्र से की गई है। पिछले कई दिनों से यहां मुनादी कर लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जा रहा था।

शनिवार को निर्धारित योजना के अनुसार टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में आज से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है। हमें इसका कंप्लायंस रिपोर्ट फाइल करना है। मदनमहल पहाड़ी की इक्कीस एकड़ जमीन पर 715 चिन्हित आवास हैं इनको अतिक्रमण मुक्त कराते हुए कंप्लायंस प्रतिवेदन दिया जाना है।

यहां रह रहे लोगों के लिए हमने तेवर ग्राम में व्यवस्था कर रखी है। लोगों को प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पहले से जो सर्वे हुआ था उसके आधार पर सर्वे में जिनका भी नाम रहा है उनको हम लोग यहां पर स्थापित करके उनके सेटलमेंट की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आज सुबह 11 बजे मदनमहल की पहाड़ी का पुरवा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया। यहां भारी तादाद में पुलिस बल तैनात रहा साथ की क्षेत्रीय एसडीएम अनुराग सिंह समेत तमाम प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। नगरनिगम के अतिक्रमण दस्ते के करीब 100 कर्मचारी मकानों को खाली कराने में लगे हुए हैं। 12 बजे तक कुछ घरों को चिन्हित कर उन्हें खाली कराया गया। इसके बाद उनमें तोडफ़ोड़ शुरू कर दी गई।

बच्चे ने कहा, हमारा पेपर है-

टूट रहे घर के सामने खड़े एक चौथी कक्षा के बच्चे लोकेश वाल्मीक ने कहा कि पास ही हमारा स्कूल है। 9 तारीख को पेपर है। अब हमें यहां से हटाया जा रहा है। तेवर गांव भेजा जा रहा है। ऐसे में हम पेपर नहीं दे पाएंगे। मैडम डांटेगी।

महिला ने कहा, सबकी व्यवस्था की जाए-

कार्रवाई के दौरान रहवासियों ने प्रशासन से पूरे मोहल्ले के लिए एक साथ व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही 1 महीने की मोहलत देने की मांग की है।

उनका कहना था कि कई परिवार वर्षों से यहां रह रहे हैं लेकिन दूसरी जगह कुछ ही लोगों को प्लॉट दिए जा रहे हैं। अचानक घर खाली करना उनके लिए मुश्किल है।

स्थानीय निवासी शीला और पुष्पा ने कहा कि हम लोग यही मांग कर रहे हैं कि पूरे मोहल्ले के लिए पहले व्यवस्था की जाए। जब तक सभी परिवारों के रहने की व्यवस्था नहीं होगी तब तक हम लोग घर खाली कैसे करेंगे।

Related Articles

Latest News