Saturday, April 27, 2024
Homeलोकमंचइतिहास के पन्नों में 20 फरवरीः क्लेमेंट एटली ने किया भारत को...

इतिहास के पन्नों में 20 फरवरीः क्लेमेंट एटली ने किया भारत को आजाद करने का ऐलान

देश-दुनिया के इतिहास में 20 फरवरी की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख भारत की आजादी के लिए अहम है। 1947 में 20 फरवरी को ही तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री क्लेमेंट एटली ने ऐलान किया था कि 30 जून, 1948 से पहले भारत को आजाद कर दिया जाएगा। इसके कुछ समय बाद भारत के आखिरी वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन ने तीन जून, 1947 को ऐलान किया कि 15 अगस्त 1947 को भारत को आजादी दी जाएगी। साथ ही भारत और पाकिस्तान को दो देशों में बांट दिया जाएगा। भारत और पाकिस्तान दोनों संप्रभु होंगे और दोनों का अपना अलग संविधान होगा। एटली के ऐलान के छह महीने बाद 15 को भारत को आजादी मिली।

भारत की आजादी की घोषणा करने वाले क्लेमेंट एटली 1928 में भारत आने वाले साइमन कमीशन का हिस्सा थे। एटली उस समय सांसद थे। भारत में कानूनी सुधारों के लिए बने इस साइमन कमीशन में किसी भारतीय के न होने से देश में इसका जमकर विरोध हुआ था। साइमन कमीशन में शामिल रहे यही एटली आगे चलकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने। जुलाई 1945 को हुए आम चुनाव में एटली ने कंजरवेटिव कैंडिडेट और तत्कालीन प्रधानमंत्री विस्टन चर्चिल को हराया था। चर्चिल भारत की आजादी के खिलाफ थे, लेकिन एटली के प्रधानमंत्री बनते ही भारत की आजादी का रास्ता साफ हुआ।

लॉर्ड माउंटबेटन ने तीन जून, 1947 को भारत की आजादी और भारत-पाकिस्तान बंटवारे की योजना पेश की थी। इसे ‘माउंटबेटन प्लान’ के नाम से जाना जाता है। इसी प्लान के आधार पर 18 जुलाई, 1947 को ब्रिटिश संसद ने इंडिया इंडिपेंडेस एक्ट पास किया। इस एक्ट के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान को दो स्वतंत्र देशों के रूप में गठन के अलावा रियासतों को भारत या पाकिस्तान में से किसी के साथ जाने या स्वतंत्र रहने का विकल्प दिया गया था। भारत के बंटवारे के लिए दो अधिकारी नियुक्त किए गए थे- एचएम पटेल और चौधरी मोहम्मद अली। इन अधिकारियों के नीचे भी कई अधिकारी नियुक्त किए गए। अली और पटेल को बाकी सभी अधिकारी अलग-अलग इलाकों से रिपोर्ट बनाकर भेजते थे। इन रिपोर्ट के आधार पर दोनों अधिकारी बंटवारे की सिफारिशें तैयार करते थे। इन्हें बंटवारे के लिए बनी पार्टिशन काउंसिल के पास भेजा जाता था। इस काउंसिल के अध्यक्ष थे लॉर्ड माउंटबेटन। इन्हीं सिफारिशों के आधार पर देश की एक-एक चीज का बंटवारा हुआ।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1547ः एडवर्ड षष्ठम का इंग्लैंड के शासक के पद पर वैस्टमिनिस्टर ऐबे में राज्याभिषेक।

1798ः लुई एलेक्जेंडर बर्थियर ने पोप पायस षष्ठम को पदच्युत किया।

1833ः मिस्र के साथ युद्ध में तुर्किये की मदद के लिए रूसी जहाज बास्फोरस की खाड़ी में पहुंचे।

1835ः कलकत्ता मेडिकल कॉलेज आधिकारिक तौर पर खुला।

1846ः अंग्रेजों ने लाहौर पर कब्जा किया।

1847ः राॅयल कलकत्ता टर्फ क्लब की स्थापना।

1868ः ‘अमृत बाजार पत्रिका’ का बांग्ला में साप्ताहिक रूप में प्रकाशन शुरू।

1872ः न्यूयार्क शहर में ‘मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट्स’ खुला।

1873ः कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी ने सैन फ़्रांसिस्को में अपने पहले मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की।

1933ः एडॉल्फ हिटलर ने चुनाव में नाजी पार्टी को सहयोग देने के लिए जर्मन उद्योगपतियों से मुलाकात की।

1935ःकैरोलाइन मिकेल्सन अंटार्काटिक पहुंचने वाली पहली महिला बनीं।

1940ः इंग्लैंड में दक्षिण अफ्रीका में नए निवेशों पर लगी पाबंदियां उठा लेने की घोषणा की।

1942ः द्वितीय विश्वयुद्ध में जापानी सैनिकों ने डच ईस्ट इंडीज में बाली पर हमला किया।

1947ः तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री क्लेमेंट एटली ने भारत को आजादी देने के बारे में घोषणा की।

1962ः जान एच ग्लेन अमेरिका के प्रथम अंतरिक्ष यात्री बने।

1965ः नासा का प्रक्षेपित रेंजर-8 चांद पर उतरा। फोटाे और जरूरी डेटा भेजे।

1968ः मुंबई के केईएम अस्पताल के डॉ. पीके सेन ने हृदय प्रत्यारोपण का पहला आपरेशन किया।

1975ः मार्गरेट थैचर ब्रिटिश कंजर्वेटिव पार्टी की नेता निर्वाचित।

1976ः मुंबई में कच्चे तेल का व्यावसायिक स्तर पर उत्पादन शुरू हुआ।

1988ः रियो डी जेनेरो में बाढ़ से 65 लोग मारे गये।

1989ः आईआरए के घमाके में टर्नहिल में ब्रिटिश सेना की बैरक ध्वस्त।

1999ः भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पाकिस्तान की ऐतिहासिक बस यात्रा की।

1999ः दूरदर्शन का खेल चैनल शुरू।

2000ः भारतीय मूल के ब्रिटिश लेखक सलमान रुश्दी ने ब्रिटेन छोड़कर न्यूयॉर्क में बसने का निश्चय किया।

2002ः काहिरा में चलती ट्रेन में आग लगने से 373 मरे।

2003ः ईरान में विमान दुर्घटना।302 लोग मारे गये।

2008ः रक्षा सौदे में ऑफसेट नीति को मंजूरी मिली।

2009ः भ्रष्टाचार के आरोप में कलकत्ता हाई कोर्ट के न्यायाधीश सौमित्र सेन के खिलाफ महाभियोग चला।

2015ः स्विट्जरलैंड के राफ्ज शहर में दो ट्रेनों की टक्कर में 49 लोगों की मौत।

जन्म

1921ः हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री राव वीरेन्द्र सिंह।

1935ः आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. जनार्दन रेड्डी।

1946ः हिन्दी साहित्य के प्रतिष्ठित पत्रकार, कहानीकार, उपन्यासकार और समालोचक पंकज बिष्ट।

1976ः क्रिकेटर रोहन गावास्कर।

निधन

1934ः रामकृष्ण मिशन के दूसरे संघाध्यक्ष स्वामी शिवानन्द।

1950ः स्वतंत्रता सेनानी शरत चन्द्र बोस।

1985ः हिन्दी के प्रसिद्ध कवि तथा गांधीवादी विचारक भवानी प्रसाद मिश्र।

2001ः भाकपा के वरिष्ठ नेता इंद्रजीत गुप्त।

दिवस

-अरुणाचल प्रदेश दिवस।

-मिजोरम दिवस।

-विश्व सामाजिक न्याय दिवस

टॉप न्यूज