किसान जागरूकता अभियान: कृषि वैज्ञानिक ने किसानों को बताई मुनाफा कमाने की विधियां

किसान जागरूकता अभियान के तहत पाटन तहसील के किसान भाइयों की बैठक भारत कृषक समाज महाकोशल प्रान्त के अध्यक्ष एवं किसान सेवा सेना के संरक्षक केके अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य एवं वयोवृद्ध किसान सेवी सीएल शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम उडऩा सड़क में आयोजित की गई।

बैठक में सिंचाई विभाग बाईं तट मुख्यालय से पधारे प्रशासनिक अधिकारी आदित्य वैद्य एवं सिंचाई विभाग के पाटन संभाग के अनुविभागीय अधिकारी पीके खत्री ने उपस्थित होकर किसानों की समस्यायों का संकलन कर, उनके शीघ्र ही निराकरण तथा नहर को बीच बीच से बाधित कर पानी रोकने की समस्या से निपटने के लिए शासन, प्रशासन एवं किसानों के सहयोग से एक कार्ययोजना बनाने हेतु शीघ्र कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने मैदानी अमले को अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने निर्देशित किया।

अधिकारियों ने किसान भाइयों को किसी भी समस्या के लिए सीधे उनसे संपर्क करने का आह्वान करते हुए, आश्वस्त किया कि किसानों की सेवा करना उनका दायित्व है, वे अपने दायित्व के निर्वहन में कतई पीछे नहीं रहेंगे। इस अवसर पर अधिकारियों को पाटन तहसील के चयनित, मनोनीत किसान सेवकों की सूची सौंपी गई। जिन्हें किसान और किसानों से संबंधित विभागों के बीच एक कड़ी तथा पुल के रूप में कार्य करने की जिम्मेदारी सौपी गई है।

बैठक में कृषि वैज्ञानिक, संस्था के संयोजक, कृषि विश्वविद्यालय के प्रमंडल सदस्य डॉ बीडी अरजरिया ने किसानों को पारंपरिक खेती के विकल्प तलाश कर आगे बढऩे तथा कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने की विधियां समझाई। किसानों की धान की फसल में रोगों के उपचार बताए और किसानों को सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन किसान सेवा सेना के जितेंद्र देसी एवं देवराज त्रिपाठी तथा आभार प्रदर्शन अशोक साहू व ब्रजेश पटेल ने किया।

कृषक समाज महाकोशल प्रान्त के अध्यक्ष एवं किसान सेवा सेना के संरक्षक के के अग्रवाल ने बताया कि किसान जागरूकता अभियान के तहत जबलपुर जिले की सभी तहसीलो में किसानों की बैठके आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में रविवार 3 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे शहपुरा तहसील के किसानों की बैठक ग्राम सहजपुर शहपुरा में जैन धर्मशाला में आयोजित की गई है, जिसमे किसानों से संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।