ऊर्जा मंत्री वादा निभाओ: लंबित 18 सूत्रीय मांगों को लेकर एमपी के बिजली कार्मिकों ने किया प्रदर्शन

मध्य प्रदेश यूनाइटेड फोरम के बैनर तले आज शुक्रवार को विद्युत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भोपाल के ज्योति टॉकीज एमपी नगर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा किए गए वादे, जिसमें 1 महीने की समय सीमा में विद्युत कर्मियों की 18 सूत्रीय मांगों का निराकरण करने का आश्वासन दिया गया था, की याद दिलाने के लिए प्रदर्शन किया।

यूनाईटेड फोरम के प्रदेश संयोजक व्हीकेएस परिहार ने बताया कि मध्य प्रदेश यूनाइटेड फोरम जब आंदोलनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संघर्षरत था, तब ऊर्जा मंत्री के द्वारा फोरम के साथ मीटिंग कर में 18 सूत्रीय मांगों का निराकरण करने हेतु आश्वासन दिया गया एवं स्वयं के द्वारा एक वीडियो जारी करवाया गया। उक्त वादे को आज 1 वर्ष 1 माह व्यतीत हो जाने के पश्चात भी सभी 18 सूत्रीय मांगे लंबित हैं, जिस कारण मध्य प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।

व्हीकेएस परिहार ने बताया कि आज सांकेतिक प्रदर्शन वादा निभाओ कार्यक्रम के माध्यम से हम ऊर्जा मंत्री एवं प्रदेश सरकार को स्मरण कराना चाहते हैं कि यदि सरकार द्वारा यथाशीघ्र 18 सूत्रीय मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो 2 अक्टूबर 2022 गांधी जयंती के दिवस गांधीजी की मूर्ति पर माल्यार्पण करते हुए फोरम आंदोलनात्मक गतिविधियों का आगाज करेगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी ऊर्जा मंत्री एवं मध्य प्रदेश सरकार की होगी।