एमपी सरकार के आदेश की अवहेलना कर रहे अधिकारी, संयुक्त मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के जिला संरक्षक योगेंद्र दुबे एवं जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय ने कार्यभारित स्थापना के चपरासी, चौकीदार, पंप अटेंडेंट, समयपाल, ड्राइवर, हेल्पर, मेट, खलासी, डाकमैन, माली, रिकॉर्ड रूम कर्मी, केनाल कर्मी, खानसामा, वनकर्मी, चैन मैन को ठंड के गर्म कोट, मफलर और स्वेटर विभागों के द्वारा न दिए जाने की निंदा की है।

योगेंद्र दुबे एवं अटल उपाध्याय ने अधिकारियों पर प्रदेश शासन के आदेश की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि राजस्व, पीडब्लूडी, हिरन जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, वन, स्वास्थ्य विभाग, आईटीआई, पुलिस, होमगार्ड, नगर निगम, जेडीए, हाउसिंग बोर्ड के अनेक कार्यालयों में सैकड़ों कर्मचारी खुले में कार्य करते हैं। इसलिए इन कर्मचारियों को गर्म कपड़े देने की परंपरा है।

लेकिन एमपी सरकार के आदेश की अवहेलना करते हुए विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने इन कर्मचारियों को ठंड के कपड़े आज तक नहीं दिए गए हैं। इससे यह ठंड में ठिठुरते हुए अपना कार्य करेंगे। शासन के आदेश की अवहेलना करने वाले अफसरों की पहचान कर इन पर कड़ी कार्रवाई की जाना चाहिए।

मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा जबलपुर जिलाध्यक्ष अटल उपाध्याय, संजय गुजराल, नरेश शुक्ला, संतोष मिश्रा, विश्वदीप पटेरिया, रविकांत दहायत, मुकेश मरकाम, राजेंद्र तेकाम, यूएस करोसिया, देव दोनेरिया, प्रदीप पटेल, धीरेंद्र सिंह, प्रशांत सोंधिया, योगेश चौधरी, एसके बांदिल, बृजेंद्र मिश्रा, दुर्गेश पाण्डे, योगेंद्र मिश्रा, अजय दुबे, सतीश उपाध्याय, पीएल गौतम, रवि बांगड़ ने समस्त पात्र कर्मचारियों को ठंड के कपड़े दिए जाने की मांग की है।

इसके साथ ही अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा जबलपुर के समस्त पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जिस भी कार्यालय प्रमुख द्वारा अपने पात्र कर्मचारियों को गर्म कोट और गर्म कपड़े उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे उस अधिकारी के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन का रास्ता अपनाया जाएगा।