जबलपुर में दबाया रिमोट का बटन और 145 किमी दूर सिवनी में ऊर्जीकृत हो गया पॉवर ट्रांसफार्मर

मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी ने सिवनी जिले के 132 केव्ही सबस्टेशन सिवनी में एक 63 एमव्हीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि जबलपुर से 145 किमी दूर स्थापित इस ट्रांसफार्मर को बिजली कंपनी के मुख्यालय जबलपुर से पावर सेक्टर की एडवांस टेक्नालॉजी के माध्यम से ऊर्जीकृत करने में सफलता हासिल हुई है।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि लगभग 5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से स्थापित इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से  सिवनी जिले की पारेषण क्षमता को सुदृढ़ता प्रदान हुई है। इस ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से सिवनी 132 केव्ही सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 113 एमव्हीए की हो गई है। इससे सिवनी शहर के अलावा बरघाट, मलारा, केवलारी, कुरई, अरी, कारीरात एवं गोपालगंज ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विद्युत उपभोक्ताओं के साथ सिवनी शहर में पानी की आपूर्ति करने वाले पीएचई फीडर को काफी फायदा पहुंचेगा, अब उन्हें उचित वोल्टेज पर गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि 132 केव्ही सबस्टेशन सिवनी में बढ़ते हुए लोड के मद्देनजर पूर्व में स्थापित 40 एमव्हीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर की जरूरत महसूस हुई जिसे देखते हुए एमपी ट्रांसको ने सबस्टेशन में नया 63 एमव्हीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने इस सफलता के लिए एमपी ट्रांसको के कार्मिकों को बधाई दी है।

जबलपुर से एचएमआई (हयूमन मशीन इंटरफेस) तकनीक का उपयोग करते हुये कम्प्यूटर का माउस क्लिक कर 145 किलोमीटर दूर सिवनी में इस ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया। सिवनी जिले में ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत करने के लिए इस तकनीक का उपयोग पहली बार किया गया है। इस तकनीक में मानव और कम्प्यूटर मशीनों के तालमेल से सबस्टेशनों के उपकरणों को नियंत्रित और संचालित किया जाता है।

मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालन अभियंता अरूण कुमार वैद्य ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से सिवनी जिले की कुल ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर 883 एमव्हीए की हो गई है। जिसमें 220 केव्ही साइड 520 एमव्हीए तथा 132 केव्ही साइड 363 एमव्हीए की स्थापित क्षमता शामिल है। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी सिवनी जिले में अपने 4 सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है, जिसमें 220 केव्ही के 1 सबस्टेशन तथा 132 केव्ही क्षमता के 3 सबस्टेशन क्रियाशील है।