शिवराज सरकार इस वर्ष से प्रारंभ करेगी मप्र रत्न, मप्र गौरव और मप्र श्री पुरस्कार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार इस वर्ष से ‘मध्यप्रदेश रत्न’, ‘मध्यप्रदेश गौरव’ और ‘मध्यप्रदेश श्री’ पुरस्कार प्रारंभ करेगी। इस वर्ष ये पुरस्कार नवम्बर माह में प्रदान किये जायेंगे। ये पुरस्कार कला, संस्कृति, साहित्य, विज्ञान, चिकित्सा, शिक्षा आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को दिये जायेंगे।

सीएम चौहान आज अपने निवास पर इस वर्ष पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित एवं गत वर्षों में पद्म सम्मान प्राप्त कर चुकी प्रदेश की विभूतियों को सम्मानित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष पद्म सम्मान प्राप्त करने वाली प्रदेश की विभूतियों, स्व. डॉ एनपी मिश्रा (उनके पुत्र सुनील मिश्रा), श्रीमती दुर्गाबाई व्याम, अर्जुन सिंह धुर्वे एवं पं. रामसहाय पाण्डे को सम्मानित किया। साथ ही गत वर्षों में पद्म सम्मान से सम्मानित मध्यप्रदेश की विभूतियों भज्जू श्याम, विजय दत्त श्रीधर, कपिल तिवारी एवं श्रीमती भूरीबाई को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले भारत सरकार द्वारा सीमित क्षेत्रों में पद्म सम्मान दिये जाते थे, परंतु नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को पद्म सम्मान दिया जा रहा है। पहले यह सम्मान अभिजात्य वर्ग तक ही सीमित था, अब समाज के हर वर्ग को यह सम्मान प्राप्त हो रहा है। इसके लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी धन्यवाद के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता की ओर से आज पद्म सम्मान प्राप्त करने वाली विभूतियों को सम्मानित करते हुए वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।