शिवराज सरकार का किसानों को तोहफा: एमएसपी पर होगी मूंग की खरीदी

Moong msp in mp

मध्य प्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने  बताया है कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों से ग्रीष्मकालीन मूँग की खरीदी समर्थन मूल्य पर करने जा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से समर्थन मूल्य पर मूँग खरीदे जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। कृषि मंत्री पटेल ने बताया कि भारत सरकार द्वारा मूँग का समर्थन मूल्य 7,196 रुपये प्रति क्विंटल निश्चित किया गया है।

कृषि मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने मूँग की फसल को समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिये मध्य प्रदेश सरकार को  मंजूरी प्रदान कर दी है। उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर मूँग को खरीदे जाने के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निरंतर मार्गदर्शन में केंद्रीय कृषि मंत्री से निरंतर चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के कृषि मंत्रालय से भी सतत संपर्क बनाये रखा गया। अब प्रदेश में भी ग्रीष्मकालीन मूँग की समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ होगी। सोमवार के बाद जल्दी ही किसानों का पंजीयन प्रारम्भ हो जायेगा।