एमपी: बिजली कार्मिकों पर की गई कार्यवाही पर यूनाइटेड फोरम ने जताया रोष, कंपनी प्रबंधन ने चर्चा के लिए बुलाया

मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी प्रबंधन ने विद्युत कार्मिकों की समस्याओं पर चर्चा एवं निराकरण हेतु द्विपक्षीय वार्ता के लिए मध्य प्रदेश यूनाइटेड फोरम फॉर पावर एम्पलाइज एवं इंजीनियर के प्रांतीय संयोजक व्हीकेएस परिहार को प्रतिनिधि मंडल के साथ चर्चा के लिए बुलाया है। ये बैठक 27 जून को शाम 5 बजे प्रबंध संचालक कार्यालय शक्ति भवन जबलपुर में निर्धारित की गई है।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश यूनाइटेड फोरम फॉर पावर एम्पलाइज एवं इंजीनियर के प्रांतीय संयोजक व्हीकेएस परिहार ने बिजली अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लंबित मांगो और समस्याओं के निराकरण के लिए कंपनी प्रबंधन को पत्र लिखा था।

व्हीकेएस परिहार ने पत्र में कहा कि फोरम के संज्ञान में आया है कि कंपनी में पदस्थ मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध कर्मचारियों एवं संसाधनों की कमी व अनुपलब्धता के बावजूद अधिकारियों से अत्यधिक कार्य करने का दबाव बनाया जा रहा है एवं कार्य में देरी या लक्ष्य को प्राप्त न करने स्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ऊपर निलंबन एवं वेतन कटौतियों जैसे नियम विरूद्ध कार्यवाहियां की जा रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन के इस बर्ताव से मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों में भय का वातारण बना हुआ है।

इसके अलावा फोरम के संज्ञान में आया है कि पिछले सप्ताह अधिकारियों पर कार्यवाहियों की गई है, जिस संबंध में चर्चा करने हेतु 22 जून को आपके कार्यालय में बात करने की कोशिश की गई, लेकिन प्रबंध संचालक की व्यस्तता के कारण बातचीत नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अनुरोध है कि उपरोक्त परिस्थितियों में मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने और समस्याओं का निराकरण करने हेतु यूनाईटेड फोरम से तुरंत चर्चा की जाए।