स्वतंत्रता दिवस पर सीएम चौहान की घोषणा: प्रदेश में सभी नागरिकों को मिलेगा पक्का मकान

77वें स्वतंत्रता दिवस पर एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा करते हुए कहा है कि प्रदेश में सभी नागरिकों को पक्का मकान मिलेगा। कोई परिवार बिना छत के नहीं रहेगा। आवास प्लस में जो लोग शामिल नहीं हैं उन हितग्राहियों को भी योजना में शामिल किया जाएगा, मुख्यमंत्री जन आवास योजना बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना में बचे हुए परिवारों को भी जोड़ा जाएगा ताकि उन्हें उपचार की सुविधा मिल सके। जो परिवार इनकम टैक्स नहीं देते या अन्य किसी माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं लेते उन सभी परिवारों को आयुष्मान योजना सम्मिलित किया जाएगा। मध्य प्रदेश में आयुष्मान योजना में 3 करोड़ 50 लाख से अधिक नाम जोड़े गए हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में लोकतंत्र की परिभाषा जनता का जनता के लिए और जनता द्वारा शासन को सही अर्थों में जीवंत किया गया है। मुख्यमंत्री जन सेवा मित्र, जनता और सरकार के बीच का काम करते हैं। इन्हें प्रत्येक 50 परिवारों पर दायित्व दिया जाएगा। प्रदेश में करीब 3 लाख युवाओं को इस दायित्व से जोड़ेंगे। प्रदेश का कोई भी कोना या कोई भी दिशा विकास से वंचित न रहे, इसके लिए केन्द्र के साथ राज्य की डबल इंजन सरकार सच्चे अर्थों में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म करने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा‍ कि हम ऐसे मध्यप्रदेश का निर्माण कर रहे हैं, जहाँ गरीबी भी समाप्त हो रही है और पिछड़ापन भी। लोगों की आय भी बढ़ रहीं और आत्मविश्वास भी। मध्यप्रदेश सरकार शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के सुख को हर नागरिक तक पहुँचाने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। सेवा और सुशासन की प्रतिज्ञा के साथ मध्यप्रदेश के कायाकल्प का अभियान शुरू किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार ने विकास को त्यौहार का स्वरूप दे दिया है। पूरे प्रदेश में जुलाई और अगस्त माह में गाँव-गाँव और शहर-शहर में विकास पर्व की लहर चली। विकास पर्व में 45 हजार करोड़ रूपये से अधिक के कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण पिछले एक माह में सम्पन्न हुआ है। मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री जी के समावेशी विकास, अंत्योदय, अधो-संरचना एवं निवेश, ग्रीन ग्रोथ, युवा-शक्ति, अर्थ-शक्ति और क्षमताओं के अधिकतम विकास को मिशन मोड में क्रियान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के रूप में मध्यप्रदेश में प्रथम चरण में 83 लाख से अधिक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलवाया गया। द्वितीय चरण में 68 लाख से अधिक आवेदनों और करीब पौने दो लाख सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किया गया। इस तरह विकास यात्रा, विकास पर्व और मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की त्रिवेणी ने प्रदेश की तस्वीर को बदला है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आने वाले समय में नर्मदा प्रगति पथ, विंध्य प्रगति पथ, मालवा विकास पथ, मध्य विकास पथ और बुंदेलखंड विकास पथ जैसी महत्वाकांक्षी एक्सप्रेस-वे परियोजनाएँ मध्यप्रदेश की प्रोफाइल को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगी। राज्य सरकार ने कायाकल्प अभियान में चालू माली साल से शहरों की सड़कों के नवनिर्माण और संधारण के लिए 3 हजार करोड़ रूपए मंजूर करने का निर्णय लिया है। मध्यप्रदेश आज साढ़े 13 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था बन चुका है। नए विकास कार्यों पर 56 हजार करोड़ से अधिक की राशि का व्यय और अनेक महत्वपूर्ण योजनाएँ प्रदेश का भाग्य बदलने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बीना रिफायनरी के विस्तार के अंतर्गत पेट्रो केमिकल्स काम्पलेक्स बनाया जाएगा। प्रदेश की बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के बाद ओंकारेश्वर में संसार के सबसे बड़े फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्लांट का‍ निर्माण और साँची को सोलर सिटी बनाने से मध्यप्रदेश का भविष्य अधिक रोशन होगा। प्रदेश में 44 हजार 605 करोड़ लागत की केन-बेतवा लिंक परियोजना मंजूर हो चुकी है। प्रदेश में 486 सिंचाई परियोजनाओं से 33 लाख हेक्टेयर की अतिरिक्त सिंचाई क्षमता बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हवाई और रेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। सुनियोजित प्रयासों से मध्यप्रदेश देश के सबसे फेवरेट इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन्स में उभर रहा है।