भारत में Apple Pay का लंबे समय से चल रहा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। Apple ने 30 सितंबर 2026 को अपनी डिजिटल पेमेंट सर्विस Apple Pay को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। शुरुआत में कंपनी ने Axis Bank के साथ साझेदारी की है और फिलहाल Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को ही Apple Pay में जोड़ा जा सकता है।
इसके जरिए iPhone, iPa और Apple Watch यूजर्स NFC सपोर्ट वाले PoS टर्मिनल पर डिवाइस को टैप करके कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे। Apple Pay की खासियत यह है कि पेमेंट के समय अलग से कोई पेमेंट ऐप खोलने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी ने भारत में इसकी शुरुआत सीमित कार्ड सपोर्ट के साथ की है और आने वाले समय में दूसरे बैंक और कार्ड जारीकर्ताओं को भी जोड़ने की तैयारी है।
फिलहाल सिर्फ Axis Bank के चुनिंदा कार्ड
Apple Pay के भारत में शुरुआती रोलआउट में Axis Bank के Visa और Mastercard नेटवर्क वाले योग्य क्रेडिट कार्ड शामिल किए गए हैं। इसका मतलब है कि Axis Bank का RuPay क्रेडिट कार्ड फिलहाल Apple Pay के साथ इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। इसी तरह दूसरे प्रमुख बैंकों के कार्ड का सपोर्ट भी लॉन्च के समय उपलब्ध नहीं है। Apple ने संकेत दिया है कि आगे और बैंक तथा कार्ड नेटवर्क इस सेवा से जुड़ सकते हैं, जिससे Apple Pay का दायरा बढ़ेगा।
iPhone को बस PoS मशीन के पास ले जाना होगा
Apple Pay के जरिए स्टोर पर भुगतान करना काफी आसान रखा गया है। iPhone पर साइड बटन को डबल-क्लिक करने के बाद Face ID, Touch ID या डिवाइस पासकोड के जरिए ऑथेंटिकेशन करना होगा। इसके बाद फोन को NFC-enabled PoS टर्मिनल के पास ले जाने पर पेमेंट पूरा किया जा सकेगा। Apple के मुताबिक चेकआउट के दौरान अलग से PIN या OTP डालने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि पेमेंट तभी किया जा सकेगा जब संबंधित मर्चेंट और टर्मिनल Apple Pay या NFC कॉन्टैक्टलेस पेमेंट स्वीकार करता हो।
ऐप्स और वेबसाइट्स पर भी चलेगा Apple Pay
Apple Pay का इस्तेमाल सिर्फ दुकानों में ही नहीं किया जा सकेगा। जिन ऐप्स और वेबसाइट्स पर Apple Pay पेमेंट ऑप्शन उपलब्ध होगा, वहां भी यूजर्स अपने सेव किए गए कार्ड के जरिए भुगतान कर सकेंगे। शुरुआती सपोर्ट में Blinkit, Zomato, Zepto, MakeMyTrip और Ixigo जैसे प्लेटफॉर्म्स के साथ कई मर्चेंट्स के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इससे यूजर्स को ऑनलाइन शॉपिंग या सर्विस बुकिंग के दौरान हर बार कार्ड नंबर डालने की जरूरत कम हो सकती है।
Apple Wallet में ऐसे जोड़ें अपना कार्ड
योग्य Axis Bank क्रेडिट कार्ड को Apple Pay से जोड़ने के लिए iPhone में Apple Wallet ऐप खोलना होगा। यहां ‘+’ आइकन पर टैप करके स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार कार्ड ऐड किया जा सकता है। कुछ मामलों में Axis Bank की ऐप के जरिए भी कार्ड को सीधे Apple Wallet में जोड़ने की सुविधा उपलब्ध है। कार्ड ऐड और वेरिफाई होने के बाद यूजर उसे Apple Pay के जरिए स्टोर, ऐप या वेबसाइट पर पेमेंट के लिए इस्तेमाल कर सकता है।
कार्ड की जानकारी रहेगी सुरक्षित
Apple Pay में सुरक्षा और प्राइवेसी पर भी खास जोर दिया गया है। Apple के मुताबिक यूजर का वास्तविक कार्ड नंबर उसके सर्वर पर स्टोर नहीं किया जाता और न ही मर्चेंट के साथ साझा किया जाता है। इसके बजाय डिवाइस अकाउंट नंबर का इस्तेमाल किया जाता है, जिसे डिवाइस के Secure Element में सुरक्षित रखा जाता है।
ट्रांजैक्शन को पूरा करने के लिए Face ID, Touch ID या पासकोड से यूजर की पहचान की पुष्टि होती है। इस तरह भुगतान के दौरान वास्तविक कार्ड डिटेल शेयर किए बिना ट्रांजैक्शन किया जाता है।
iPhone, iPad और Apple Watch पर उपलब्ध
भारत में लॉन्च के समय Apple Pay iPhone, iPad और Apple Watch पर उपलब्ध है, जबकि Mac के लिए सपोर्ट बाद में आने की बात कही गई है। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि Apple Pay भारत में UPI का विकल्प नहीं बल्कि मुख्य रूप से कार्ड-आधारित पेमेंट सर्विस है।
यानी इससे बैंक अकाउंट से सीधे UPI ट्रांसफर करने के बजाय Apple Wallet में जोड़े गए योग्य कार्ड के जरिए भुगतान किया जाएगा। Apple के मुताबिक आगे और बैंक पार्टनर जुड़ने के साथ भारत में Apple Pay का कवरेज बढ़ाने की दिशा में काम जारी रहेगा।











