Tuesday, September 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर में उपार्जन केन्द्र में गेंहू के अपग्रेडेशन के लिए 20 रुपये...

जबलपुर में उपार्जन केन्द्र में गेंहू के अपग्रेडेशन के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल का शुल्क निर्धारित

उपार्जन केंद्रों पर किसानों द्वारा लाये गये नॉन एफएक्यू गेंहू के अपग्रेडेशन हेतु शुल्क का निर्धारण करने जबलपुर जिला आपूर्ति नियंत्रक एवं सयुंक्त कलेक्टर नदीमा शीरी की अध्यक्षता में आज बुधवार को आयोजित की गई बैठक में कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं जिला उपार्जन समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा के बाद लेबर चार्ज के रूप में 20 रुपये प्रति क्विंटल का शुल्क तय किया गया है।

कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर आयोजित की गई इस बैठक में कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया कि उपार्जन केन्द्र पर पंखा, छन्ना आदि की व्यवस्था रहेगी। पंजीकृत कृषक द्वारा स्लॉट बुंकिग के उपरान्त उपार्जन केन्द्र पर लाया गया गेंहू अमानक पाए जाने पर पंजी में दर्ज किया जाएगा। एवं किसान को अपग्रेडेशन कराने की सलाह दी जाएगी। किसान द्वारा स्वयं भी अपग्रेडेशन कराया जा सकता है, जो कि निःशुल्क रहेगा।

किसान द्वारा स्वयं अपग्रेड कराने पर कोई राशि देय नहीं होगी। किन्तु यदि किसान द्वारा स्वयं गेंहू का अपग्रेडेशन नहीं कराया जाता है एवं किसान उपार्जन संस्था के माध्यम से अपग्रेड कराना चाहता है तो अपग्रेडेशन में लगने वाला लेबर व्यय उपार्जन नीति अनुसार किसानों द्वारा देय होगा। जिसकी रसीद उपार्जन संस्था द्वारा किसान को प्रदाय की जायेगी। किसानों के प्रति क्विंटल गेंहू साफ- सफाई में लगने वाला लेबर व्यय अथवा अपग्रेडेशन दर पूरे जिले में एक समान रहेगी।

बैठक में जिला उपार्जन समिति के सदस्यों एवं कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों की सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसान द्वारा समिति के माध्यम से गेंहू के अपग्रेडेशन हेतु लेबर व्यय 20 रूपये प्रति क्विंटल राशि किसान द्वारा देय होगी । जिसकी रसीद अनिवार्य तौर पर उपार्जन संस्था द्वारा किसान को दी जावेगी। अपग्रेडेशन हेतु लेबर व्यय की दर उपार्जन संस्था द्वारा उपार्जन केन्द्र में सहजगोचर स्थान पर बैनर लगाकर प्रदर्शित की जावेगी।

किसानों को उपार्जन केन्द्र पर किसी प्रकार की असुविधा होने पर जिला स्तर पर स्थापित कन्ट्रोल रूम दूरभाष क्रमांक 0761-2990239 पर शिकायत दर्ज कराने हेतु अवगत कराने प्रेरित किया गया। उपायुक्त सहकारिता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, जबलपुर को निर्देशित किया कि वे समस्त उपार्जन केन्द्रो में एक जैसे प्रारूप में एक दिवस में रसीद बुक प्रिंट करवाकर उपलब्ध कराए तथा लेबर व्यय की दर का बैनर लगवाना सुनिश्चित करें

Related Articles

Latest News