सागर। एमपी के सागर स्थित महाराजपुर क्षेत्र में आज उस वक्त सनसनी फैल गई। जब टीनशेड में दुकानदार ब्रजेश विश्वकर्मा की लाश फांसी के फंदे पर लटकते देखी गई।
दुकानदार की लाश मिलने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई, देखते ही देखते आसपास के लोग एकत्र हो गए। वहीं परिजनों का कहना है कि ब्रजेश की हत्या कर फांसी के फंदे पर लटकाया गया है।
पुलिस को पूछताछ में मृतक के भाई संतोष विश्वकर्मा ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे छोटा भाई ब्रजेश पिता मुन्नालाल विश्वकर्मा उम्र 45 साल निवासी महाराजपुर घर से दुकान के लिए निकला था।
सुबह से उसने घर में चाय-नाश्ता भी नहीं किया था। कुछ देर बाद पता चला कि ब्रजेश का शव दुकान के टीनशेड में फंदे से लटका है। मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
परिजन ने आरोप लगाते हुए बताया कि मृतक ब्रजेश की दुकान के बाजू में रामबाबू रैकवार अंडे की दुकान लगाता है। कल रामबाबू और ब्रजेश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
मारपीट में रामबाबू ने मृतक के साथ मारपीट की थी। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है।परिजनों ने जो आरोप लगाए है उसकी जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
थाना में नहीं सुनी शिकायत-
मारपीट के बाद ब्रजेश ने थाने पहुंचकर शिकायत की। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। भाई ने कहा कि शिकायत नहीं लिखी जाने के बाद वह घर आया और सो गया। सुबह सोकर उठा और सीधा दुकान चला गया था।
परिजन ने उक्त लोगों पर संदेह जताते हुए हत्या का आरोप लगाया है।











