Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशमां-बहन के जेवर लेकर भागे युवक की नृशंस हत्या, जंगल में सिर...

मां-बहन के जेवर लेकर भागे युवक की नृशंस हत्या, जंगल में सिर पर पत्थर पटककर मारा

मैहर। एमपी के मैहर स्थित गोरइया गांव में रहने वाले युवक अनिल पटेल की नागौद जिला सतना के समीप जंगल में क्षत-विक्षत हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई।

अनिल पटेल अपनी मां व बहन के सोने के जेवर लेकर भागा था। मामले में अनिल की पुलिस द्वारा तलाश की जा रही थी। इस बीच उसकी जंगल में पत्थर पटककर हत्या कर दी गई।

पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने बताया कि अनिल पटेल उम्र 28 वर्ष घर से मां व बहन के सोने व चांदी के जेवर लेकर घर से भाग निकला। अनिल द्वारा चोरी किए जाने की शिकायत परिजनों ने थाना पहुंचकर की थी।

इसके बाद से परिजन भी अपने स्तर पर तलाश कर रहे थे। इस दौरान देर शाम अनिल की डुड़हा गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में नहर के किनारे ग्रामीणों ने खून से लथपथ लाश देखी तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के जेब से मिले आधार कार्ड से अनिल पटेल के रुप में पहचान की।

पुलिस को घटना स्थल के पास शराब की बोतल, गांजा की चिलम, नमकीन सहित अन्य सामान मिला, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शराब पीने के दौरान अनिल की सिर पर पत्थर पटककर हत्या की गई है।

पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने अनिल को किसी बहाने से जंगल में बुलाया और शराब पिलाने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। देर रात तक फोरेंसिक टीमए डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की टीम मौके पर जांच में जुटी रही।

पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि अनिल के पिता का निधन हो चुका है। वह अपनी मां व बहन के साथ रहता था। अनिल चार दिन पहले बहन और मां के गहने और कुछ रुपए चोरी कर घर से बाहर ले गया था।

अनिल के खिलाफ अमदरा थाने में मारपीट सहित तीन आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। सायबर टीम अब अनिल के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। उसके परिवार से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों का कोई सुराग हाथ लग सके।

Related Articles

Latest News