Tuesday, September 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशशस्त्र लायसेंस निरस्त होते ही बिजली उपभोक्ता ने जमा करा दी 1...

शस्त्र लायसेंस निरस्त होते ही बिजली उपभोक्ता ने जमा करा दी 1 लाख 17 हजार रुपये की बकाया राशि

जिला मजिस्ट्रेट दतिया द्वारा शस्त्र लायसेंस निरस्ती के नोटिस के चलते कसेरूआ जिला दतिया निवासी बिजली उपभोक्ता आशाराम ने 1 लाख 17 हजार रुपये की बकाया राशि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के खाते में जमा कर दी है।

गौरतलब है कि यह राशि लंबे समय से उपभोक्ता द्वारा अदा नहीं की जा रही थी। महाप्रबंधक दतिया ने बताया कि उपभोक्ता आशाराम के नाम विद्युत बिल की राशि 1 लाख 17 हजार रुपये राशि काफी समय से लंबित थी। बकायादार के पुत्र नरेश सिंह शर्मा के नाम शस्त्र लायसेंस था। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण का नोटिस दिए जाने के पश्चात उपभोक्ता आशाराम ने बिजली कंपनी के खाते में पूरी बकाया राशि जमा कर दी।

गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्‍वालियर एवं चंबल संभाग अंतर्गत आने वाले 16 जिलों में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा आर्म्‍स डीलर लायसेंस एवं शस्‍त्र लायसेंस की स्‍वीकृति एवं नवीनीकरण के लिए बिजली कंपनी से नोड्यूज प्राप्‍त किया जाना अनिवार्य किया है।

कंपनी द्वारा गृह विभाग, मप्र शासन के आदेश के अनुसार कंपनी कार्यक्षेत्र के ऐसे शस्‍त्रधारी बिजली उपभोक्‍ता जिनके द्वारा बकाया विद्युत बिलों का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, सा‍थ ही ऐसे शस्‍त्रधारी बिजली उपभोक्‍ता जो अनधिकृत बिजली का उपयोग अथवा बिजली चोरी करते पाए जाएंगे उनके आर्म्‍स डीलर लायसेंस और शस्‍त्र लायसेंस को जिला कलेक्‍टर के माध्‍यम से निरस्‍त कराने की कार्यवाही की जा रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि जो भी शस्‍त्र लायसेंसधारी उपभोक्‍ता अपनी बकाया बिल राशि जमा नहीं करते हैं तो उनके शस्‍त्र लायसेंस तत्‍काल प्रभाव से निरस्‍त करवाने की कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Latest News