भोपाल: राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने भोपाल के जगदीशपुर में अवैध रूप से चल रही मेफेड्रोन ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश कर 92 करोड़ की 61.2 किलोग्राम एमडी ड्रग्स को जप्त करने की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ऑपरेशन “क्रिस्टल ब्रेक” के तहत की गई इस कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया हैं। इनके पास से 541.53 किलोग्राम कच्चा माल और केमिकल भी बरामद हुआ हैं। जिसमें मेथीलीन डाइक्लोराइड, एसीटोन, मोनोमेथिलमाइन (एमएमए), हाइड्रोक्लोरिक एसिड (एचसीएल) और 2-ब्रोमो शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हवाला के जरिए सूरत और मुंबई से भोपाल में पैसे ट्रांसफर किए जा रहे थे। इस ऑपरेशन में सूरत और मुंबई पुलिस ने डीआरआई का साथ दिया। भोपाल के जगदीशपुर इलाके में जिस जगह पर यह फैक्ट्री चल रही थी, उस क्षेत्र को कानून की नजर से बचाने के लिए चारों ओर से ढाका गया था। फैक्ट्री में मेफेड्रोन बनाने वाले एक केमिस्ट सहित दो व्यक्तियों को अवैध रूप से ड्रग्स तैयार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। डीआरआई को खुफिया जानकारी मिली थी कि यह कारखाना विदेशी ड्रग सरगना के इशारे पर संचालित हो रहा था। शुरुआती जांच में पता चला कि फैक्ट्री को जानबूझकर गुप्त रखने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया था।











