Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में आज भी बारिश के आसार, जबलपुर सहित 12 जिलों के...

एमपी में आज भी बारिश के आसार, जबलपुर सहित 12 जिलों के लिए अलर्ट जारी

भोपाल (हि.स.)। प्रदेश में पिछले 8 दिन से आंधी, बारिश और ओले गिरने का दौर जारी है। 7 अप्रैल से ही प्रदेश में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो रही है। वहीं,आंधी चलने के साथ ओले भी गिर रहे हैं। सिस्टम की एक्टिविटी की वजह से रविवार को भी कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई। बारिश का दौर आज सोमवार को भी जारी रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों ने जबलपुर, भिंड, छिंदवाड़ा, विदिशा सहित 12 जिलों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। हालांकि ओले या तेज आंधी का अलर्ट नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की वजह से प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव रहा। इस वजह से तेज आंधी चली, ओले गिरे और बारिश भी हुई। सोमवार को भी सिस्टम का असर रहेगा, लेकिन अब यह कमजोर हो गया है।

इस कारण कुछ जिलों में ही हल्की बारिश होने का अनुमान है। भिंड, दतिया, विदिशा, रायसेन, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर और बालाघाट में गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है।

इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। दिन के टेम्प्रेचर में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, एक सप्ताह बाद फिर से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो सकता है।

Related Articles

Latest News