Homeमध्य प्रदेशJabalpur News: एमपीपीएससी की राज्‍य सेवा परीक्षा के लिए संभागीय परिवेक्षक एवं...

Jabalpur News: एमपीपीएससी की राज्‍य सेवा परीक्षा के लिए संभागीय परिवेक्षक एवं सहायक कोआर्डिनेटर नियुक्‍त

मध्‍यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने 16 फरवरी को जबलपुर शहर के 23 परीक्षा केन्‍द्रों में आयोजित की जा रही राज्‍य सेवा परीक्षा 2025 के सुचारू संचालन हेतु भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्‍त अधिकारी अशोक कुमार भार्गव को संभागीय परिवेक्षक नियुक्‍त किया है।

मध्‍यप्रदेश लोक सेवा आयोग की 16 फरवरी को ओएमआर आधारित विधि से सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक दो सत्रों में आयोजित राज्‍य सेवा परीक्षा 2025 के लिए जबलपुर शहर में बनाए जा रहे प्रत्‍येक परीक्षा केन्‍द्र पर संभागायुक्‍त अभय वर्मा ने एक सहायक कोआर्डिनेटर की नियुक्‍ति की है। मध्‍यप्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्‍य सेवा परीक्षा जबलपुर शहर में 23 परीक्षा केन्‍द्रों पर होगी।

इन परीक्षा केन्‍द्रों का केन्‍द्राध्‍यक्ष संबंध‍ित शिक्षण संस्‍थान के प्राचार्य को ही बनाया गया है। परीक्षा केन्‍द्रों के लिए बनाए गए सहायक कोआर्डिनेटर पर जिला कोषालय से प्रश्‍न पत्र एवं उत्‍तर पुस्तिकाएं प्राप्‍त कर परीक्षा केन्‍द्राध्‍यक्ष को सौंपने तथा परीक्षा के तुरंत बाद ये सामग्री वापस जिला कोषालय में जमा करने का दायित्‍व होगा।

इसके साथ ही परीक्षा केन्‍द्रों में शांति व्‍यवस्‍था बनाए रखने तथा परीक्षा से संबंधित समस्‍त कार्यवाही मध्‍यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुक्रम में संचालित करने की जिम्‍मेदारी भी सहायक कोआर्डिनेटर की होगी।

परीक्षा केन्‍द्र के लिए सहायक कोआर्डिनेटर बनाये गये अधिकारियों की 14 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे साउथ सिविल लाईन स्थित जीएस कॉलेज में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई है। बैठक में रिजर्व में रखे गये सहायक कोआर्डिनेटर एवं परीक्षा केन्‍द्राध्‍यक्षों को भी उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं।

Related Articles

Latest News