Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बड़े भाई की बिगड़ी तबीयत, ग्रीन...

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बड़े भाई की बिगड़ी तबीयत, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर हैदराबाद किया गया एयरलिफ्ट

ग्वालियर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बड़े भाई देवेंद्र तोमर की रविवार काे तबीयत ज्यादा बिगड़ गईै। जिसके बाद उन्हें ग्रीन काॅरिडाेर बनाकर अस्पताल से एयरपाेर्ट लाया गया। यहां से उन्हें एयर एंबुलेंस की मदद से उन्हें एयरलिफ्ट कर हैदराबाद में भर्ती कराया गया।

दरअसल, ऊर्जा मंत्री के भाई देवेंद्र सिंह तोमर कुछ समय से बीमार चल रहे हैं। रविवार को उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई।

उनके लंग्स में इंफेक्शन बढ़ता जा रहा है। रविवार दोपहर पुलिस और जिला प्रशासन ने अपोलो हॉस्पिटल से एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया। प्रशासन ने सिर्फ 20 मिनट में फूलबाग स्थित अपोलो हॉस्पिटल से विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया। पुलिस और ट्रैफिक के करीब 100 जवान लगाए गए। इसके बाद एम्बुलेंस को ग्रीन कॉरिडोर से निकाला गया। सामान्य समय में लगने वाले समय से आधे समय में एम्बुलेंस पेशेंट को लेकर एयरपोर्ट पहुंच गई। इसके बाद दोपहर 2 बजे एयर एम्बुलेंस की मदद से उन्हें हैदराबाद ले जाया गया। यहां कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। ग्वालियर में भी हैदराबाद के डॉक्टर ही उनका ट्रीटमेंट कर रहे थे। इस दौरान ऊर्जा मंत्री भावुक नजर आए।

बताया गया है कि देवेंद्र तोमर पार्षद और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। पहले वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे, बाद में भाजपा से जुड़ गए थे। ऊर्जा मंत्री के चुनाव का पूरा काम प्रबंधन उन्हीं के हवाले रहता था।

ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने बताया, ‘देवेंद्र तोमर को लंग्स में इंफेक्शन है। ग्वालियर, दिल्ली और हैदराबाद के डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। बेहतर इलाज के लिए उनको हैदराबाद के केआइएमएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

Related Articles

Latest News