मध्य प्रदेश ऊर्जा विभाग के अधीन पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण पूर्व क्षेत्र कंपनी के प्रशिक्षण कार्यालय जबलपुर में प्रारंभ किया गया। यह सत्यापन प्रक्रिया मंगलवार 25 जून 2025 से 15 जुलाई 2025 तक की जाएगी, जिसमें विभिन्न पदों के कुल 483 अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापित किए जावेंगे।
दस्तावेज परीक्षण की इस प्रक्रिया मे अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में अनुभवी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शामिल किया गया है, जो अत्यंत पारदर्शिता और अनुशासन के साथ कार्य कर रहे हैं।
अति. मुख्य महाप्रबंधक (प्रशासन) एसके गिरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित कनिष्ठ अभियंता (सिविल), कनिष्ठ अभियंता (विद्युत वितरण), प्रोग्रामर एवं कल्याण सहायक पदों के कुल 18 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जा चुकी है।
यह परीक्षण प्रक्रिया 15 जुलाई 2025 तक चलेगी, जिसमें कनिष्ठ अभियंता (सिविल), कनिष्ठ अभियंता (विद्युत वितरण), प्रोग्रामर, कल्याण सहायक, विधि सहायक एवं लाइन परिचारक के पदों पर चयनित उम्मीदवार शामिल होंगे।
दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ लाइन परिचारक पद के लिए शारीरिक दक्षता परिक्षण भी आयोजित किया जाएगा, दस्तावेज सत्यापन के साथ एमपी ऑनलाईन द्वारा अधिकृत एजेंसी द्वारा आई स्केन भी किए जा रहे है, जिससे अभ्यर्थियों की मूल पहचान भी हो रही है।










