Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशराजधानी सहित एमपी के कई जिलों में भीषण गर्मी का दौर जारी,...

राजधानी सहित एमपी के कई जिलों में भीषण गर्मी का दौर जारी, 2-3 दिन बाद हो सकती है बूंदाबांदी

भोपाल (हि.स.) । राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। बुधवार को भी भोपाल का तापमाप 38 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप छायी रही। हालांकि 5 अप्रैल को उत्तर भारत में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो सकता है। जिसका प्रदेश में 2-3 दिन बाद असर होने का अनुमान है। यदि सिस्टम आता है तो बूंदाबांदी-बादल छा सकते हैं। जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को खंडवा और मंडला सबसे गर्म रहे। यहां तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। जबकि रतलाम, दमोह, सिवनी, बैतूल, खरगोन में पारा 39 डिग्री या इससे अधिक रहा। सबसे कम पारा पचमढ़ी में 32.8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, कुछ शहरों में हवा में ठंडक भी देखने को मिली। हवाओं की वजह से ऐसा हुआ। मौसम विभाग के अनुसार- अगले 4 से 5 दिन तक दिन के टेम्प्रेचर में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रात में भी गर्मी का असर देखने को मिल सकता है।

राजधानी भोपाल की बात करें तो मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री दर्ज किया गया। बादल भी छाए रहे। इंदौर में 36 डिग्री, ग्वालियर में 35.8 डिग्री, जबलपुर में 37.9 डिग्री और उज्जैन में तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक तेज धूप निकलने का अनुमान जताया है। वहीं, 5 और 6 अप्रैल को बादल छा सकते हैं। मध्यप्रदेश में इस बार अप्रैल के महीने में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। सबसे ज्यादा ग्वालियर-चंबल तपेगा। आखिरी सप्ताह में ग्वालियर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, भिंड, दतिया, मुरैना, श्योपुरकलां में पारा 46-47 डिग्री तक रहने का अनुमान है। निवाड़ी, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, खरगोन, शिवपुरी में तापमान 45 डिग्री तक रहेगा।

Related Articles

Latest News