Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशआज का मौसम: कड़ाके की ठंड की चपेट में एमपी, सभी शहरों...

आज का मौसम: कड़ाके की ठंड की चपेट में एमपी, सभी शहरों के तापमान में जबरदस्त गिरावट

भोपाल (हि.स.)। राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश के लगभग सभी जिलों में तेज सर्दी का असर होना शुरू हो गया है। भोपाल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालात यह हैं कि पिछले 10 दिनों से शहर में रात का तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। दिन में भी सर्द हवाएं सिहरन बढ़ा रही हैं। वहीं, नौगांव शहर में भी न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह मैदानी इलाके के किसी शहर में शनिवार को दर्ज सबसे कम तापमान है। जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

मौसम विभाग से मिली जानकारी अनुसार, नवंबर में जम्मू, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बर्फबारी शुरू हो गई। वहीं, पश्चिम-उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम हवाएं यानी बर्फीली हवाएं 274 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने लगी। जिससे सर्द हवाएं मध्यप्रदेश में आईं और भोपाल समेत अन्य शहर ठिठुर गए। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार पिछले साल से ज्यादा ठंड पड़ेगी। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में प्रदेश के कई शहरों में कोल्ड वेव यानी सर्द हवाएं चलेंगी। जनवरी में यह 20 से 22 दिन तक चल सकती है।

तापमान की बात करें तो प्रदेश के 11 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। शनिवार को दिन का सबसे कम 23.2 डिग्री सेल्सियस रायसेन में रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान नौगांव में 8. 0 डिग्री, राजगढ़- 8.2, उमरिया- 8.4, मंडला- 8.6, बैतूल- 8.8, खजुराहो- 9.2, रीवा- 9.2, ग्वालियर- 9.4, टीकमगढ़- 9.4, जबलपुर- 9.5, धार- 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, भोपाल में शनिवार को दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

Related Articles

Latest News