नर्मदापुरम। एमपी के नर्मदापुरम स्थित पचमढ़ी में चौरागढ़ बाबा के मेले में दर्शन करने आए दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और एक महिला लापता है। नंदीगढ़ पहाड़ी पर एक श्रद्धालु की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई।
जबकि दूसरे श्रद्धालु की दर्शन कर लौटते समय हार्ट अटैक से जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ और पुलिस की टीम ने खाई से शव निकाला।
पचमढ़ी पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। वहीं आज लापता हुई महिला की संयुक्त रूप से सर्चिंग की जा रही है।
बताया गया है कि नागपुर के जयंत नगर में रहने वाले युवक गणेश मानवतकर हर साल चौरागढ़ महादेव के दर्शन के लिए आते थे। गणेश ने नांदिया की ओर से पैदल चढ़ाई शुरू की थी।
इसी दौरान नंदीगढ़ की पहाड़ी ट्रैक से वे गहरी खाई में गिर गए। इस दौरान मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं ने गहरी खाई में शव गिरा देखा गया। तो पुलिस को खबर दी।
मौके पर पहुंची एसडीईआरएफ एवं सिविल डिफेंस की संयुक्त टीम गहरी खाई में उतरी। युवक के शव को निकालकर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया।
इसी तरह एक वृद्ध को मंदिर जाते वक्त अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके अलावा एक महिला भी लापता बताई जा रही है। गौरतलब है कि चौरागढ़ में हर वक्त महादेव भगवान के दर्शन करने के लिए लाखों लोग पहुंचते है।











