भारत की ऊंची छलांग- 2022 में अंतरिक्ष में भेजेगा अपना पहला मानव मिशन

2022 में भारत की 75 वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के अवसर पर इसरो ने अपने पहले मानव मिशन को अंतरिक्ष में भेजने का संकल्प लिया है, मिशन की तैयारी, योजना की निगरानी के लिए एक विशेष सेल गगनयान राष्ट्रीय सलाहकार परिषद बनाया गया है। उक्ताशय की जानकारी केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी।
डॉ सिंह ने कहा कि 2022 में आजादी की 75वीं वर्षगांठ तक भारत अपनी पहली मानव अंतरिक्ष उड़ान भेजेगा। सरकार ने इस मिशन के लिए 10,000 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। जो गगनयान राष्ट्रीय सलाहकार परिषद द्वारा निर्देशित है और जिसमें जाने-माने वैज्ञानिक और सदस्य के रूप में कुछ अन्य व्यक्ति हैं।
वहीं इसरो प्रमुख के सिवन ने गुरुवार को कहा कि भारत खुद का अंतरिक्ष स्टेशन लॉन्च करने की योजना बना रहा है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना गगनयान मिशन का विस्तार होगी। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि सुरक्षा के क्षेत्र में विशेष रूप से सीमा क्षेत्र में घुसपैठ की जांच करने के लिए हमने उपग्रह के माध्यम से कम्प्यूटरीकृत निगरानी सुविधा स्थापित की है, जिसकी प्रोग्रामिंग ऐसी है कि अलार्म के माध्यम से सुरक्षा बल सतर्क हो जाते हैं।