सत्या एस त्रिपाठी बने संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के सहायक महासचिव

संयुक्त राष्ट्र संघ के पर्यावरण कार्यक्रम के तहत भारत के विकास अर्थशास्त्री और संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी सत्या एस त्रिपाठी को संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) का सहायक महासचिव नियुक्त किया है। इस नियुक्ति की घोषणा संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने की है।
सत्या एस त्रिपाठी, त्रिनिदाद और टोबैगो के इलियट हैरिस का स्थान लेंगे। वे 2017 से यूएनईपी में वरिष्ठ सलाहकार के रूप में तैनात थे। विकास अर्थशास्त्री और वकील के रूप में 35 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले त्रिपाठी 1998 से संयुक्त राष्ट्र से जुड़े हुये हैं और वो यूरोप, एशिया और अफ्रीका में विकास, मानवाधिकारों, लोकतांत्रिक प्रशासन और कानूनी मामलों में रणनीतिक कार्यों में शामिल रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम इस वैश्विक संस्था की प्रमुख एजेंसी है जो पर्यावरण के लिए काम करती है। ये दुनियाभर में सरकारों, निजी क्षेत्र, नागरिक समाजों और संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध अन्य संगठनों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ मिल कर काम करती है।