राजस्थान की नंदिनी गुप्ता बनीं मिस इंडिया, श्रेया पूंजा और स्ट्रेला थौना ओजम लुवांग रहीं रनर-अप

मणिपुर में आयोजित हुई ‘फेमिना मिस इंडिया’ प्रतियोगिता में राजस्थान की नंदिनी गुप्ता ने फेमिना मिस इंडिया 2023 ब्यूटी पेजेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है, जिसके साथ वे देश की 59वीं मिस इंडिया चुनी गईं। नंदिनी को सिनी शेट्टी ने ताज पहनाया, सिनी शेट्टी पिछले साल की मिस इंडिया रहीं थीं। वहीं श्रेया पूंजा फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि सेकंड रनर-अप स्ट्रेला थौना ओजम लुवांग को घोषित किया गया।

फेमिना मिस इंडिया 2023 ब्यूटी पेजेंट में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लड़कियों ने हिस्सा लिया था। इस जबरदस्त जीत के बाद अब नंदिनी मिस वर्ल्ड के अगले सीजन में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इवेंट में अनन्या पांडे, भूमि पेडनेकर, कार्तिक आर्यन, नेहा धूपिया और मनीष पॉल आदि फिल्मी सितारे और हस्तियां पहुंची थीं।

मिस इंडिया 2023 नंदिनी गु्प्ता राजस्थान के कोटा शहर की रहने वाली हैं। मॉडलिंग के साथ नंदिनी पढ़ाई में भी काफी होशियार हैं। उन्होंने संत पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से अपनी शुरुआती पढ़ाई की है। फिलहाल वो लाला लाजपत राय कॉलेज से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जब नंदिनी महज 10 साल की थीं, तभी उन्होंने फेमिना मिस इंडिया के खिताब को अपने नाम करने का सपना देखा था और 19 साल की उम्र में उन्होंने इस सपने को सच कर दिखाया।

https://www.instagram.com/p/CrE13TJt1Ln/?utm_source=ig_web_copy_link