केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के परिणामों की घोषणा कर दी है। मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर ने चौथी बार नम्बर वन का खिताब हासिल किया है। वहीं गुजरात का सूरत शहर दूसरे नम्बर पर आया है। इसके अलावा इस सूची में तीसरे स्थान पर नवी मुंबई है।

केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इंदौर लगातार चौथे साल भारत का सबसे स्वच्छ शहर है। इंदौर और उसके लोगों ने स्वच्छता के प्रति अनुकरणीय समर्पण दिखाया है। इस शानदार प्रदर्शन के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान, शहर के लोगों, राजनीतिक नेतृत्व और नगर निगम को बधाई।

शहरी विकास मंत्रालय के अनुसार प्राचीन पवित्र शहर वाराणसी गंगा नदी के किनारे बसा सबसे साफ शहर है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में शहर का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने इस उपलब्धि के लिए शहर के लोगों को प्रेरित किया है। वहीं शहरी विकास मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार जालंधर कैंट देश का सबसे स्वच्छ कैंट एरिया है।

गौरतलब है कि सर्वेक्षण के पहले संस्करण में भारत में सबसे स्वच्छ शहर का खिताब मैसुरू ने हासिल किया था, जबकि इसके बाद इंदौर लगातार तीन साल तक (2017, 2018, 2019) शीर्ष स्थान पर रहा है। इस साल भी इंदौर ने बाजी मारकर लगातार चौथे साल टॉप पर काबिज रहने का तमगा हासिल कर लिया है।