गणतंत्र दिवस परेड 2022 में उत्तर प्रदेश की झांकी सर्वश्रेष्ठ, लोकप्रिय पसंद की श्रेणी में महाराष्ट्र की जीत

गणतंत्र दिवस परेड 2022 की सर्वश्रेष्ठ झांकी और सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ियों के परिणाम घोषित किए गए हैं। सेना के तीनों अंगों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, अन्य सहायक बलों की मार्चिंग टुकड़ियों का प्रदर्शन, विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों से झांकियों के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए जजों के तीन पैनलों की नियुक्ति की गई थी। पैनल के आकलन के आधार पर तीनों सेनाओं में भारतीय नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी के रूप में चुना गया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को सीएपीएफ व अन्य सहायक बलों में सर्वश्रेष्ठ टुकड़ी के रूप में नामित किया गया।

26 जनवरी, 2022 को गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले 12 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में उत्तर प्रदेश की झांकी को सर्वश्रेष्ठ झांकी के रूप में चुना गया है। उत्तर प्रदेश की झांकी एक जिला एक उत्पाद और काशी विश्वनाथ धाम विषय पर आधारित थी। दूसरा स्थान कर्नाटक को पारंपरिक हस्तकला का पालना पर आधारित झांकी के लिए मिला। मेघालय राज्य के 50 साल पूरे और महिलाओं के नेतृत्व वाली सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों को श्रद्धांजलि पर झांकी निकालने के लिए मेघालय को तीसरा स्थान मिला।

केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों की श्रेणी में शिक्षा मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की झांकियों को संयुक्त विजेता के रूप में घोषित किया गया। शिक्षा मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की झांकी का विषय राष्ट्रीय शिक्षा नीति था, जबकि नागरिक उड्डयन मंत्रालय की झांकी उड़े देश का आम नागरिक विषय पर आधारित थी। परेड में केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों की नौ झांकियों ने भाग लिया था। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की झांकी सुभाष@125 विषय पर आधारित थी और वंदे भारतम नृत्य समूह को विशेष पुरस्कार श्रेणी में चुना गया।

इसके अलावा पहली बार आम जनता को माईगॉव मंच के माध्यम से लोकप्रिय पसंद की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी और सर्वश्रेष्ठ झांकी के लिए वोट करने के लिए आमंत्रित किया गया था। 25 से 31 जनवरी, 2022 के बीच ऑनलाइन वोटिंग का आयोजन किया गया था। लोकप्रिय पसंद में भारतीय वायु सेना की मार्चिंग टुकड़ी को तीनों सेनाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी के रूप में चुना गया है। लोकप्रिय पसंद की श्रेणी में दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश रहा जबकि जम्मू कश्मीर का बदलता चेहरा विषय पर जम्मू-कश्मीर की झांकी तीसरे स्थान पर रही। लोगों के चयन के आधार पर केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों में संचार मंत्रालय/डाक विभाग की झांकी को सर्वश्रेष्ठ झांकी के रूप में चुना गया। इस झांकी की थीम इंडिया पोस्ट: 75 साल@ संकल्प-महिला सशक्तिकरण थी।