Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयअजित पवार ने किया खुलासा- सिर्फ ढाई साल के लिए मंत्री बनेंगे...

अजित पवार ने किया खुलासा- सिर्फ ढाई साल के लिए मंत्री बनेंगे पार्टी के विधायक

मुंबई (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एपी) के अध्यक्ष अजीत पवार ने मुंबई में कहा कि उनकी पार्टी ने मंत्रियों के लिए सिर्फ ढाई साल का कार्यकाल तय किया है। ढाई साल बाद जिन विधायकों को अबकी बार मंत्री समूह में जाने का अवसर नहीं मिलेगा, उन्हें मंत्री बनने का मौका मिलेगा। अजीत पवार ने कहा कि बहुत जल्द महामंडलों के अध्यक्ष पद पर विधायकों को नियुक्त किया जाएगा।

अजीत पवार रविवार को राकांपा एपी की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मंत्री समूह का विस्तार शनिवार को ही मुंबई में आयोजित किया जाने वाला था। इसी वजह से मुंबई में रविवार को कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया था, लेकिन आज नागपुर में आयोजित मंत्री समूह का विस्तार हो रहा है। इस विस्तार में राकांपा एपी को 9 मंत्री पद मिले हैं जबकि राकांपा एपी में मंत्री पद की इच्छा कई अन्य विधायकों को भी है। इसी वजह से हमने तय किया है कि आज शपथ लेने वाले मंत्री ढाई साल बाद इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद अन्य विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। अजीत पवार ने कहा कि मंत्री समूह के विस्तार के बाद राकांपा एपी प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और शिंदे समूह के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे के साथ बैठकर महामंडल के अध्यक्षों की भी नियुक्ति की जाएगी।

अजीत पवार ने कहा कि पिछले तीन साल से सूबे में नगरनिगम के चुनाव नहीं हुए हैं। बहुत जल्द राज्य में नगर निगम के चुनाव करवाए जाएंगे इसलिए कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहना है और अपने उम्मीदवार को विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को लोकसभा से ज्यादा लाभ विधानसभा में हुआ है, यह कार्यकर्ताओं की ही मेहनत से संभव हो सका है। अजीत पवार ने कार्यकर्ताओं को नगर निगम चुनाव के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।

Related Articles

Latest News