Tuesday, September 15, 2026
Homeराष्ट्रीयनोएडा में फिर दर्दनाक हादसा पानी से भरे गड्ढे में डूबकर 3...

नोएडा में फिर दर्दनाक हादसा पानी से भरे गड्ढे में डूबकर 3 वर्षीय मासूम की मौत

नोएडा से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पानी से भरे गड्ढों की वजह से हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इंजीनियर युवराज की दलदल में गिरकर हुई मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और मासूम की जान चली गई।

ताजा मामला ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के दलेलगढ़ गांव का है। शनिवार को मंदिर में भंडारे का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान तीन वर्षीय देवांश खेलते-खेलते पास में बने गहरे गड्ढे तक पहुंच गया। गड्ढे में भरे पानी में गिरने से वह डूब गया। परिजन और ग्रामीण जब तक उसे बाहर निकाल पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस गड्ढे की शिकायत कई बार ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

वहीं प्राधिकरण का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह जमीन सरकारी नहीं बल्कि गांव के एक किसान के नाम दर्ज है। अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही संबंधित वर्क सर्कल की टीम मौके पर पहुंची थी। प्राधिकरण ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है, लेकिन जमीन निजी होने की बात कहकर जिम्मेदारी से इनकार किया है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे प्रशासनिक जिम्मेदारी और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Related Articles

Latest News