Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयठाणे स्टेशन के पास सिग्नल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी आने से मध्य...

ठाणे स्टेशन के पास सिग्नल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी आने से मध्य रेलवे की सेवा प्रभावित

मुंबई (हि.स.)। ठाणे स्टेशन के पास सोमवार को अचानक सिग्नल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी आ जाने से मध्य रेलवे की सेवा प्रभावित हो गई है। इसका असर सप्ताह के पहले दिन ही कामकाजी मुंबईवासियों पर पड़ा है। सिग्नल सिस्टम की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया है और बहुत जल्द रेल सेवाएं पूर्ववत होने की संभावना जताई गई है।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल धनराज नीला ने कहा, “ठाणे रेलवे स्टेशन के पास सिग्नल सिस्टम में खराबी आ गई है। इससे मध्य रेलवे पर कुर्ला से कल्याण और ट्रांस हार्बर मार्ग प्रभावित हुआ है। इस स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास जारी हैं। इसलिए यात्री मध्य रेलवे के साथ सहयोग बनाए रखें।”

आज सुबह के समय ठाणे स्टेशन के पास सिग्नल सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई। इसका असर कल्याण से कुर्ला और हार्बर रेलवे पर पड़ा। इससे लोकल ट्रेनें रफ्तार काफी धीमी हो गई हैं। ट्रेनें तकरीबन आधे घंटे देरी से चल रही हैं, जिससे मध्य रेलवे के स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ लगी हुई हैं। मध्य रेलवे की मरम्मत टीम मौके पर सिग्नल सिस्टम में आई खराबी को दूर करने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Latest News