Sunday, September 6, 2026
Homeराष्ट्रीयIMD Alert : मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट, यूपी-बिहार...

IMD Alert : मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट, यूपी-बिहार से एमपी और पूर्वोत्तर तक जोरदार असर

देश के कई राज्यों में आज भी झमाझम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने 26 से 31 अगस्त के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का पूर्वानुमान जताया है। उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं, अगले तीन दिनों में बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

दिल्ली में मौसम का हाल कैसा रहेगा –

दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं, 27 अगस्त को भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन के दौरान करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

आज कहां-कहां होगी झमाझम बारिश?

26 से 27 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भी झमाझम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान कई जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, 26 अगस्त को मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश हो सकती है, जबकि विदर्भ में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।

26 से 31 अगस्त के बीच अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में मूसलाधार बारिश के आसार हैं। ओडिशा में इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई हिस्सों में 26 से 31 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। इन राज्यों में गरज के साथ आंधी और बिजली गिरने को लेकर भी मौसम विभाग ने चेतावनी दी है।

Related Articles

Latest News