Thursday, September 24, 2026
Homeराष्ट्रीयIMD Weather Alert: 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट,...

IMD Weather Alert: 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, 75 KM/H तक चलेंगी हवाएं

देश से मानसून की विदाई में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन इससे पहले मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 17 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश और आंधी की संभावना है।

कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण कुछ संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है। वहीं, समुद्री क्षेत्रों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने और समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, जबकि किसानों से भी खराब मौसम के दौरान खुले में जाने से बचने को कहा गया है।

बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां तेज होने के साथ उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी आंतरिक ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में आज भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। तेलंगाना में 24 और 25 सितंबर को भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

इस बीच उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे कई इलाकों में मौसम के करवट लेने की संभावना है। ऐसे में अगर आप इन राज्यों या पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो निकलने से पहले मौसम विभाग की ताजा चेतावनी जरूर देख लें। चलिए, जानते हैं आज 24 सितंबर को देशभर में मौसम का हाल कैसा रहेगा और किन-किन जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 सितंबर को देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है।

इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में 24 से 26 सितंबर के बीच बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है, जबकि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 60-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। बिहार और झारखंड में भी 24 से 26 सितंबर के बीच भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, वहीं जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी है।

आंध्र प्रदेश में हवा की गति 75 किमी प्रति घंटे, जबकि ओडिशा में 70-75 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Latest News