Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयहोली से पहले निलंबित बिजली कर्मचारियों को बहाल करने की तैयारी

होली से पहले निलंबित बिजली कर्मचारियों को बहाल करने की तैयारी

लखनऊ (हि.स.)। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े आंदोलनकारी निलम्बित कर्मचारियों को होली से पहले बहाल करने की तैयारी की जा रही है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने निलम्बित कर्मचारियों के बहाली के लिए उप्र पावर कारपोरेशन के चेयरमैन से फोन से वार्ता की है। एके शर्मा के वार्ता से विद्युत विभाग के विभिन्न संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गयी है।

बीते वर्ष 2023 के मार्च माह में विद्युत कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों 19 वर्ष की सेवा के बाद तीन प्रमोशन बराबर वेतनमान, निर्धारित चयन प्रक्रिया में चेयरमैन प्रबन्ध निदेशक जैसे पदों का चयन करने, बिजली कर्मियों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने, पावर सेक्टर इम्प्लॉइज प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने को लेकर प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। तभी मांगों को लेकर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से कर्मचारी नेताओं ने वार्ता की थी लेकिन वार्ता सफल नहीं हो सकी।

ऊर्जा मंत्री के आदेश पर ही आंदोलनकारी 123 कर्मचारियों को चिन्हित कर निलम्बित किया गया था। जिसमें 79 कर्मचारियों ने उच्च अधिकारियों से मिलकर माफीनाम दिया था और उनके निलम्बन को वापस ले लिया गया था। वहीं शेष 44 कर्मचारी लगागार निलम्बित चल रहे थे। जिनकी बहाली की बात कर्मचारी संगठन कर रहे थे।

विद्युत मजदूर संघ के प्रदेश संगठनमंत्री मोहम्मद इलियास ने बताया कि ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने चार कर्मचारी नेताओं को वार्ता के लिए बुलाया था। कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि के रुप में उन्होंने अपनी बात रखी थी। जिसके बाद तमाम बिन्दुओं पर बात बन गयी और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने चेयरमैन से फोन से वार्ता कर निलम्बित कर्मचारियों को बहाल करने का आदेश दिया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन को आगे नहीं करने की बात भी ऊर्जा मंत्री ने रखी है और जिसे संगठन प्रतिनिधियों ने माना है। फिलहाल विद्युत मजदूर संघ अपनी मांगों को लेकर पुन: ऊर्जा मंत्री से वार्ता करेगा। कर्मचारियों को हित सर्वोपरि है, इसे ध्यान में रखकर आगे की रणनीति बनायी जायेगी।

Related Articles

Latest News