देश में मानसून की आमद के साथ ही कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 4 से 7 जून के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। हिमाचल में बर्फबारी हो रही है। वहीं दिल्ली में हल्की से तेज बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि 6 जून के बाद से मौसम सामान्य रहेगा और एक बार फिर से तापमान में वृद्धि होगी और लोगों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना बनी हुई है तो वहीं महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बरसात हो सकती है।
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। मूसलधार बारिश और बाढ़ के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है, ऐसे हालात से निपटने के लिए भारतीय सेना को तैनात किया गया है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर राज्यों में अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देश के दूसरे हिस्सों में भी मॉनसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है।








