Wednesday, October 16, 2024
Homeमध्यप्रदेशइंदौर के विकास में लिखा गया स्वर्णिम इतिहास, एक साथ चार फ्लाईओवर...

इंदौर के विकास में लिखा गया स्वर्णिम इतिहास, एक साथ चार फ्लाईओवर का लोकार्पण

इंदौर (हि.स.)। इंदौर के विकास के क्षेत्र में आज स्वर्णिम इतिहास लिखा गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार देर शाम यहां एक ही दिन में एक साथ लगभग 222 करोड़ रुपये लागत के चार फ्लाय ओव्हर्स का लोकार्पण किया। इनमें फूटी कोठी, भंवरकुंआ, खजराना और लवकुश चौराहे के फ्लाय ओव्हर्स शामिल हैं। उक्त चारों फ्लाय ओव्हर्स इंदौर के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने में मददगार होंगे। फ्लाय ओव्हर्स के प्रारंभ होने से इंदौर के लाखों नागरिकों को सुगम एवं आबाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। फूटी कोठी फ्लाय ओव्हर का नाम प्रसिद्ध संत सेवालाल महाराज के नाम पर किया गया है। इसी तरह घोषणा की गई कि फूटी कोठी चौराहा का नाम संत सेवालाल चौराहा किया जाएगा।

इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और संभागायुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, विधायकगण उषा ठाकुर, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, महेन्द्र हार्डिया तथा मनोज पटेल, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर,जिला पंचायत अध्यक्ष रीना मालवीय, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, गौरव रणदिवे, चिन्टू वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद थे।

फूटी कोठी में आयोजित फ्लाय ओव्हर लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में विकास को नई गति देकर विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा। विकास के सभी अवरोधों को हटाकर प्रदेश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंदौर का चहुमुखी विकास और यातायात सुधार हमारी प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि इंदौर के किसी भी चौराहे पर यातायात बाधित नहीं हो और वाहन चालकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने इंदौर की यातायात संबंधी परेशानियों के निराकरण के लिए कहा कि यहां जितने भी अंडरपास/ओवर ब्रिज की आवश्यकता होगी, वह सभी बनाए जाएंगे। उन्होंने इंदौर में 400 करोड रुपये की लागत से सीवरेज लाइन का कार्य करने के बात भी कही। उन्होंने कहा कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। नशे के अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए उन्होंने प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मनुष्यों की सोच जहां समाप्त होती है, वहीं से संतों की सोच शुरू होती है। मनुष्यों एवं देवताओं के बीच संत सेतु के रूप में होते हैं। समाज के किसी भी संत के योगदान को प्रदेश में भुलाया नहीं जाएगा। उन्होंने प्रदेश में गायों के संरक्षण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा गौशालाओं के संचालन के संबंध में राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि फूटी कोठी चौराहे का नाम संत सेवालाल चौराहा होगा। इस संबंध में कार्रवाई के लिये अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इंदौर के चौराहों की आवश्यकता के अनुसार अंडरपास और ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। आगामी 3 वर्षों में एक कार्ययोजना बनाकर लगभग 20 से 25 अंडरपास/ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। इंदौर शहर में यातायात सुधार के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाना हमारा संकल्प है।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आज लोकार्पित हुए चार ओव्हर ब्रिज के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को संत गोपाल चैतन्य महाराज ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में एकलव्य सिंह गौड़ ने आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने इंदौर भ्रमण के दौरान सबसे पहले फूटी कोठी फ्लाय ओव्हर का लोकार्पण किया। यह फ्लाय ओव्हर 610 मीटर लंबा है। इसकी चौड़ाई 24 मीटर/6 लेन है। इसके निर्माण पर 57.70 करोड़ रुपये लागत आयी है। इसी तरह उन्होंने भवर कुआं के फ्लाय ओव्हर का लोकार्पण भी किया। भंवरकुंआ में 625 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़ाई के 6 लेन फ्लाय ओव्हर का निर्माण 55.77 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। सी तरह लवकुश चौराहा और खजराना चौराहा के फ्लाय ओव्हर्स की एक-एक भुजा का लोकार्पण भी किया गया। खजराना के फ्लाय ओव्हर की लागत 41.19 करोड़ और लवकुश चौराहे के फ्लाय ओव्हर की लागत 66.88 करोड़ रुपये हैं। उक्त दोनों फ्लाय ओव्हर्स भी 6 लेन हैं। इन दोनों फ्लाय ओव्हर्स की दूसरी भुजाओं का कार्य भी लगभग 90 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। शेष यह कार्य भी जल्द ही पूरा हो जायेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौरी जायके का लिया स्वाद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार देर शाम अपने भ्रमण के दौरान इंदौर के विजय नगर स्थित एक रेस्टॉरेंट पर रूके। यहाँ उन्होंने अपने मंत्रिमण्डल के साथी कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ इंदौरी जायके का स्वाद लिया। उन्होंने रेस्टॉरेंट में पानीपुरी, भजिये और छोले भटूरे का स्वाद चखा।

संबंधित समाचार

ताजा खबर