मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिये बेहतर एवं अनुकूल वातावरण है। यहां पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं भी हैं। प्रदेश सरकार द्वारा अनेक उद्योग मित्र नीतियां बनाकर उनका क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया है। इन नीतियों से औद्योगिक क्षेत्र की हर समस्याओं का समाधान होगा, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्र में नई सुविधाएं, सब्सिडी और अनेक तरह की छूटें भी मिलेंगी। आज ही राज्य सरकार द्वारा उद्योगों को बढ़ावा देने के लिये अनेक नई नीतियों को मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अधिक से अधिक निवेश किया जाये। राज्य शासन द्वारा हर तरह का सहयोग दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के संबंध में उद्योगपतियों एवं स्टेक होल्डर्स से सीधा संवाद कर रहे थे। डॉ. यादव ने इन्वेस्टर्स समिट में आने का न्यौता भी उद्योगपतियों को दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उद्योग एवं व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिये राज्य शासन द्वारा पूरा संरक्षण दिया जायेगा। शासन के सहयोग से उद्योग एवं व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिये हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। उन्हें पूरी मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि नयी नीतियां उद्योग को बढ़ावा देने के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगी। औद्योगिक विकास को नयी गति मिलेगी। समग्र रूप से औद्योगिक विकास होगा। सभी तरह के उद्योगों को नयी नीतियों का लाभ मिलेगा। जरूरत पड़ने पर और भी नयी औद्योगिक मित्र नीतियां लायी जायेगी। नयी नीतियों में छोटे से लेकर बड़े उद्योगों के हित का ध्यान रखा गया है। सभी तरह की सुविधाएं देंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर के मेट्रोपोलिटिन रिजन से आस-पास के सभी औद्योगिक क्षेत्र एक दायरे में आएंगे। इससे औद्योगिक विकास को नयी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया जा रहा है। सड़क तथा वायु मार्ग की सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मेडिकल टूरिज्म को प्रदेश में बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में पहली बार एयर एम्बुलेंस सुविधा शुरू की गयी है। उद्योगपतियों के सुझावों को नयी नीतियों में शामिल किया गया है।











