मास्को (हि.स.)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को अमेरिका द्वारा यूक्रेन में युद्धविराम के प्रस्ताव का समर्थन किया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि संघर्षविराम को केवल अस्थायी समाधान के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युद्धविराम ऐसा होना चाहिए जो संघर्ष के मूल कारणों को समाप्त करे और स्थायी शांति स्थापित करे।
पुतिन ने क्रेमलिन में बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ वार्ता के बाद प्रेस वार्ता में कहा, “हम शत्रुता समाप्त करने के प्रस्ताव से सहमत हैं। यह विचार सही है और हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करते हैं।” हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह युद्धविराम स्थायी शांति सुनिश्चित करने और इस संकट के मूल कारणों को हल करने में सक्षम होना चाहिए।
इससे पहले इस सप्ताह की शुरुआत में यूक्रेन ने भी इसी युद्धविराम प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की थी, जिससे यह संघर्ष समाप्त करने का अब तक का सबसे बड़ा अवसर माना जा रहा है।
पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके शांति प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। ट्रंप, जो खुद को “शांतिदूत” के रूप में देखना चाहते हैं, ने इस युद्ध को समाप्त करने की इच्छा व्यक्त की थी। वर्तमान में, रूस और अमेरिका दोनों ही इस युद्ध को एक घातक प्रॉक्सी वॉर के रूप में देखते हैं, जो विश्व युद्ध तीन की ओर बढ़ सकता था।
उल्लेखनीय है कि रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 में शुरू हुए युद्ध ने लाखों लोगों को विस्थापित कर दिया, हजारों लोगों की जान ले ली और यूरोप को द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की सबसे बड़ी टकराव की स्थिति में ला दिया।