मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बुधवार को कंपनी क्षेत्र के 80 अधिकारियों की मीटिंग ली। छह घंटे चली मीटिंग में उन्होंने विद्युत सुरक्षा मापदंडों के पालन और गुणवत्ता से मेंटेनेंस पर जोर दिया।
प्रबंध निदेशक सिंह ने स्पष्ट किया कि मेंटेनेंस की गतिविधियों की डीई, एसई भी नियमित रूप से चेकिंग करेंगे, ताकि गुणवत्ता की पुष्टि हो, आपूर्ति में गुणात्मक सुधार नजर आए। इससे लॉस घटेगा, उपभोक्ता संतुष्टि में बढ़ोत्तरी नजर आएगी।
प्रबंध निदेशक सिंह ने विद्युत सुरक्षा मापदंडों के सभी बिंदुओं के पालन करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि हादसों में कमी आए। उन्होंने झाबुआ, धार, आगर, शाजापुर के कार्यों पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए, साथ ही इन चारों जिलों की पृथक से मिटिंग करने के लिए निर्देशित भी किया।
प्रबंध निदेशक ने ग्रामीण क्षेत्र के वितरण ट्रांसफार्मरों के फेल रेट घटान के लिए पूरजोर प्रयास करने, रूफ टॉप सोलर नेट मीटर, धरती आबा योजना के तहत होने वाले कनेक्शनों की नाम समेत सूची चार दिन में तैयार करने, बिलिंग, रीडिंग, मीटरीकरण इत्यादि कार्यों पर फोकस रखने को कहा। उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वाले इंजीनियरों ने सुधार नहीं किया तो कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान, निदेशक तकनीकी सचिन तालेवार, कार्यपालक निदेशक गजरा मेहता, मुख्य अभियंता रवि मिश्रा, एसएल करवाड़िया, गिरीश व्यास, एसआर बमनके, बीएल चौहान, शहर अधीक्षण यंत्री मनोज शर्मा, इंदौर ग्रामीण अधीक्षण यंत्री डॉ. डीएन शर्मा आदि उपस्थित रहे।










