MP Weather: मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय मध्य प्रदेश के आसपास दो साइक्लोनिक सकुर्लेशन एक्टिव है। इसके अलावा एक ट्रफ प्रदेश से होकर छत्तीसगढ़ की ओर जा रही है। जिसके चलते मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिन यानी 31 मई तक बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। साथ ही मौसम विभाग ने इस बार बारिश भी ज्यादा होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने आज भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, दमोह, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, राजगढ़, आगर-मालवा, मैहर, मऊगंज, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और नीमच में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस बार केरल में मानसून ने समय से पहले ही आमद दे दी है। मध्य प्रदेश में भी मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने 10 जून तक एमपी में मानसून पहुंचने की संभावना जताई है। सामान्य तौर पर यह 16 जून तक प्रदेश में प्रवेश करता है। इस साल एमपी में 106 प्रतिशत बारिश होने का भी अनुमान है।








