MP Weather: मध्य प्रदेश में एक-दो दिन में मानसून का आगमन हो सकता है, जिसके बाद जोरदार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 15 दिनों से मानसून महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में ठहरा हुआ था, लेकिन अब नया सिस्टम सक्रिय होते ही मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने बताया कि अभी मध्य महाराष्ट्र में ऊपरी हवा का चक्रवात है और पूर्वी मध्य प्रदेश से बंग्लादेश तक ट्रफ है। इससे नमी के कारण मध्य प्रदेश में बादल छाए हैं और बारिश हो रही है। अभी एक-दो दिन गरज चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।
मानसून का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में 15 जून तक मानसून के प्रवेश का पूर्वानुमान था लेकिन अब 17-18 जून तक यह आ सकता है। मध्य प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से मानसून आ रहा है। दिशा में बदलाव के कारण अब इसके दो-तीन बाद मध्य प्रदेश में प्रवेश का पूर्वानुमान है। बंगाल की खाड़ी के अलावा अरब सागर से आने वाले चक्रवात का भी मध्य प्रदेश पर दबाव रहता है।
बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, रीवा, पन्ना, दमोह, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, सतना, मैहर, मऊगंज, कटनी, डिंडौरी और नीमच में बारिश के साथ 40 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। साथ ही कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।











