Friday, September 11, 2026
Homeखास खबरआज का मौसम: देश के कई राज्यों में अति भारी बारिश का...

आज का मौसम: देश के कई राज्यों में अति भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और गुजरात में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, कर्नाटक, केरल, असम, मेघालय, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मध्य भारत, पश्चिमी तट और उससे सटे घाट क्षेत्रों में मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे इन इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

हिमाचल प्रदेश के चार जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू के कुछ हिस्सों में 29 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं केरल में भी अगले पांच दिन तक लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है।

आज कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस कारण समुद्र में उथल-पुथल की आशंका है और 30 जुलाई तक केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप तटों पर मछली पकड़ने पर रोक लगा दी गई है।

ओडिशा में हालात गंभीर होते जा रहे हैं। राज्य सरकार ने बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा है। कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। जलाका और बैतरणी नदियां पहले ही उफान पर हैं, जबकि बालासोर में सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

समाचार स्रोत- शब्द

Related Articles

Latest News