SHABD, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राज्य के मूल निवासियों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए शिक्षक भर्ती में डोमिसाइल नीति लागू करने का ऐलान किया है। उन्होंने शिक्षा विभाग को संबंधित नियम में आवश्यक संशोधन करने का निर्देश देते हुए कहा कि टीआरई-4 से ही डोमिसाइल लागू होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में आयोजित होने वाली शिक्षक बहाली (TRE-4) में डोमिसाइल नीति लागू होगा।
इसे लेकर उन्होंने शिक्षा विभाग को संबंधित नियम में आवश्यक संशोधन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में TRE-5 का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा के आयोजन से पहले STET का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की बहाली में बिहार के निवासियों को प्राथमिकता देने के लिए यह बड़ा फैसला लिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही हमलोग शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम कर रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण को लेकर बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की गई है।











