उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग 34 पर घटाल गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 43 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, ट्रॉली में करीब 60 लोग सवार थे। ये सभी श्रद्धालु कासगंज जिले के सोरो थाना क्षेत्र के रफायदपुर गांव से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित गोगामेड़ी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश भी दिए हैं।











