जबलपुर। एमपी के गोसलपुर में राशन दुकान के संचालन को लेकर समूह अध्यक्ष व सचिव अपने परिजनों सहित आपस में टकरा गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात.घूसे चले। घटना शुक्रवार की है, इसका वीडियो शनिवार सुबह से वायरल भी हो रहा है। अध्यक्ष अर्चना पटेल और सदस्य शशि बाई ने गोसलपुर थाने में सचिव और उसके पति सहित अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
बताया गया है कि शासन के आदेशानुसार कछपुरा गांव में दो साल पहले शासकीय उचित मूल्य की दुकान खोली गई थी। इसे अध्यक्ष अर्चना पटेल व सचिव पूजा पटेल सहित समूह की अन्य महिला सदस्यों को साथ में चलाना था। अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि दो साल से दुकान लगातार चल रही है लेकिन जो लाभ होता है वह सचिव अपने पास रख लेती है। बात की जाए तो वह पति और बेटे को आगे कर देती हैं।
मामले में अध्यक्ष ने सिहोरा एसडीएम से सचिव पूजा पटेल की शिकायत की थी। करीब दो साल पहले जब गांव में महिलाओं का समूह बना तो अध्यक्ष और सचिव ने सदस्यों के साथ मिलकर एक साथ काम करने का वादा किया था। अप्रैल-मई में जब अध्यक्ष अर्चना पटेल ने आय, बिक्री का हिसाब मांगा तो सचिव पूजा पटेल नाराज हो गई। उसने कहा कि समय आने पर बता दिया जाएगा। अभी तो अपना काम करो।
सचिव की यह बात सुनकर अध्यक्ष और सदस्यों ने मिलकर एसडीएम से शिकायत की तो दोनों को समझाइश दी गई, जिसके बाद अध्यक्ष-सचिव ने बिना विवाद के साथ में काम करने की बात कही। एसडीएम ने जांच में यह भी पाया था कि सचिव पूजा पटेल ने शासकीय उचित मूल्य दुकान में पति और बेटे के साथ मिलकर एकाधिकार जमा रखा है। जिससे प्रशासन ने अध्यक्ष को दुकान की बागडोर सौंप दी।
इसी बात को लेकर अध्यक्ष और सचिव का खेमा आपस में भिड़ गया। बताया जा रहा है कि एक साल पहले अध्यक्ष और सचिव ने जबलपुर से दुकान के लिए तौल-कांटा खरीदा था। जब तक सचिव पूजा पटेल दुकान चला रही थी, तब तक तौल-कांटा दुकान में ही रखा था। जैसे ही बागडोर अध्यक्ष अर्चना पटेल के पास आ गई तो पूजा ने कांटा घर पर रख लिया। अध्यक्ष ने जब मांगा तो फिर से दोनों के बीच विवाद होने लगा।
अध्यक्ष अर्चना पटेल सदस्यों के साथ मिलकर दुकान चला रहीं थी। उसी दौरान सचिव पूजा पटेल पति युद्धवीर पटेल, प्रांशु पटेल और साथी रुक्मिणी पटेल के साथ मौके पर पहुंची और विवाद करने लगी। हंगामा होते देख सदस्य महिलाओं के पति भी दुकान पहुंच गए। जिसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। आरोप है कि युद्धवीर के हमले से अर्चना के चेहरे में गंभीर चोट पहुंची है। फिलहाल गोसलपुर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।










