जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित गांधीग्राम पनागर क्षेत्र में महिला बाउंसर के साथ चाकू की नोंक पर लूट की वारदात करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने महिला को कुसनेर ब्रिज के पास रोककर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हेमलता बर्मन शहर के एक होटल में बाउंसर है। वह अपनी एक्टिवा से गांधीग्राम स्थित ससुराल से महाराजपुर मायके जाने निकली। जब वह कुसनेर ब्रिज से आगे बढ़ रही थी, इस दौरान तीन युवकों ने उसे रोक लिया। एक ने चाकू अड़ाकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीना, दूसरे आरोपी ने उसका बैग लूट लिया।
बैग में आधार कार्ड, अन्य दस्तावेजों की फोटोकॉपी, मोबाइल फोन और करीब 2000 रुपए नकद रखे थे। घटना के बाद पीडि़ता किसी तरह पनागर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी बाइक से सिहोरा की ओर भागे हैं। पुलिस ने आरोपियों को तलाश करते चार घंटे में ही पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी रोहित केवट, सुजीत काशी और रोहित कुमार से पुलिस अब क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, बैग बरामद कर लिया है। पुलिस अब तीनों के अपराधिक रिकार्ड की भी जांच कर रही है।











