Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशरिटायर्ड टीचर के साथ ठगी, 786 नंबर के नोट के बदले 56...

रिटायर्ड टीचर के साथ ठगी, 786 नंबर के नोट के बदले 56 लाख रुपए देने का झांसा दिया

छिंदवाड़ा। एमपी के छिंदवाड़ा स्थित बुधवारी बाजार क्षेत्र निवासी रिटायर्ड टीचर विनायकराव घोरपड़े के साथ 786 नंबर वाले नोटों के बदले लाखों रुपए देने का लालच देकर ऑनलाइन ठगी हो गई।

ठगों ने उन्हें 55 लाख 99 हजार रुपए देने का झांसा दिया था। पीडि़त ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने और साइबर सेल में दर्ज कराई है।

पीडि़त विनायक राव ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने कहा कि 786 नंबर वाले नोटों के बदले वह मोटी रकम दिलवा सकता है।

उनके पास ऐसे कुछ नोट थे, इसलिए उन्होंने ठग के कहने पर व्हाट्सएप के जरिए नोटों की फोटो भेज दी। फोटो देखने के बाद ठग ने नोटों के एवज में 55 लाख 99 हजार रुपए देने का लालच दिया।

इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोसेसिंग चार्ज व जीएसटी के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर शिक्षक से कुल 43 हजार 719 रुपए अपने खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।

बीती शाम ठग ने फिर से रुपयों की मांग की, तब शिक्षक को ठगी का शक हुआ। जब संपर्क करने की कोशिश की गई तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाना और साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

Related Articles

Latest News